
भोपाल। राजधानी के राजा भोज हवाई अड्डे पर रविवार को यात्री सुविधाओं के विस्तार के बीच एक खास पल उस समय देखने को मिला, जब मुंबई से आने वाली पहली फ्लाइट के यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया. नए डोमेस्टिक आगमन हॉल के शुभारंभ के बाद पहुंचे पहले यात्री को महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा और एयरपोर्ट संचालक रामजी अवस्थी ने गुलाब का फूल और टॉफी देकर अभिनंदन किया.
आज शुरू हुई यात्री सुविधाएं अब पूरी तरह से संचालित हो चुकी हैं.
नई व्यवस्था के तहत घरेलू यात्रियों के लिए आगमन हॉल को बेसमेंट में शिफ्ट किया गया है, जहां से अब सभी डोमेस्टिक यात्रियों की एंट्री होगी, जबकि अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए भूतल की व्यवस्था यथावत रखी गई है. नए हॉल में यात्रियों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक वाटर मशीनें लगाई गई हैं, जिनसे बिना किसी बटन दबाए ठंडा और गर्म पानी प्राप्त किया जा सकता है.
एयरपोर्ट पर सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए नया अग्निशमन केंद्र भी शुरू किया गया है. पहले जहां रनवे तक पहुंचने में अग्निशमन वाहनों को दो मिनट से अधिक समय लगता था, वहीं अब नए केंद्र के दोनों रनवे के बीच स्थापित होने से यह समय घटकर लगभग एक मिनट रह गया है. इससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी.
नई सुविधाओं की शुरुआत के साथ ही एयरपोर्ट पर यात्रियों का अनुभव अधिक सुगम, सुरक्षित और आधुनिक बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
