जबलपुर: जिले में एक दिसम्बर से प्रारंभ हुए समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के कार्य के तहत अभी तक 31 हजार 087 किसानों से 21 लाख 47 हजार 795 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है और 49 हजार 261 किसानों द्वारा स्लॉट बुक किये गये हैं। खरीदी गई धान का अभी तक 316 करोड़ 48 लाख रूपये का भुगतान भी किसानों को किया जा चुका है। धान उपार्जन के लिए जिले में 89 खरीदी केन्द्र बनाये गये हैं।
जिला आपूर्ति नियंत्रक प्रमोद कुमार मिश्रा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में इस वर्ष समर्थन मूल्य पर धान का विक्रय करने 55 हजार 091 किसानों द्वारा 88 हजार 858 हेक्टेयर रकबे का पंजीयन कराया गया है। जिले में इस वर्ष किसानों से 4 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। जिले में किसानों से 20 जनवरी तक समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जायेगी।
जिला आपूर्ति नियंत्रक ने पंजीकृत किसानों से धान के विक्रय के लिये 9 जनवरी तक स्लॉट बुक कर लेने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि धान उपार्जन नीति के क्रियान्वयन की मानक प्रक्रिया के अनुसार किसानों द्वारा अपनी उपज के विक्रय हेतु उपार्जन के अंतिम 10 दिवस को छोड़कर को स्लॉट बुक किये जा सकेंगे तथा बुक किये गये स्लॉट की वैधता अवधि सात कार्य दिवस होगी।
