अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य ने दिवाली को आधिकारिक रूप से स्टेट हॉलिडे घोषित कर दिया है। राज्य के गवर्नर गेविन न्यूसम ने इस संबंध में एक बिल पर हस्ताक्षर किए हैं।
भारतीय प्रवासियों के लिए एक बड़ी खुशी की खबर है। कैलिफोर्निया ने अब दिवाली को आधिकारिक राजकीय अवकाश के रूप में मान्यता दे दी है। इस घोषणा के साथ कैलिफोर्निया अमेरिका का तीसरा ऐसा राज्य बन गया है, जहां भारत के इस प्रमुख त्योहार को सार्वजनिक छुट्टी के रूप में मनाया जाएगा। गवर्नर गेविन न्यूसम ने विधानसभा सदस्य ऐश कालरा द्वारा पेश किए गए दिवाली अवकाश के बिल पर अपने हस्ताक्षर किए हैं।
कैलिफोर्निया में दिवाली को आधिकारिक राजकीय छुट्टी बनाने वाला ‘एबी 268’ नामक बिल विधानमंडल के दोनों सदनों से पारित हो गया है और अब इसका अंतिम निर्णय गवर्नर गेविन न्यूसम के हाथ में है। कैलरा ने पिछले महीने कहा था कि कैलिफोर्निया में भारतीय अमेरिकी समुदाय की संख्या सबसे अधिक है और दिवाली को राजकीय अवकाश घोषित करने से लाखों निवासियों तक इसका महत्व पहुंचेगा। इससे राज्य की विविध संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और अधिक लोग इसे अपनाने में प्रोत्साहित होंगे।
