
इंदौर. दीपावली के मद्देनजर बदमाशों और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान में कनाड़िया पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से 12 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है. आरोपी पूर्व में हत्या के प्रयास सहित अन्य आपराधिक मामलों में भी शामिल रहा है.
पुलिस बिचौली हप्सी रोड पर हॉट स्पॉट और शेडो एरिया में संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान पीले रंग की टी शर्ट पहने और लंबे बालों वाले एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर तलाशी ली तो उसके पास से 12 बोर का देशी कट्टा और एक कारतूस मिला. पूछताछ में आरोपी की पहचान दीप उर्फ दीपराज पिता रामेश्वर खेड़े उम्र 21 साल, निवासी अरावली परिसर, भूरी टेकरी के रूप में हुई. पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार किया है. थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कनाड़िया थाने में पहले से मारपीट और हत्या के प्रयास के दो मामले दर्ज हैं. दोनों मामलों में वह विचाराधीन है. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह अवैध हथियार कहां से लेकर आया था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं. हथियार की सप्लाई करने वाले नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है.
