अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के मंदिर की शुरुआत से पूर्व


1 जनवरी से आरएसएस घर-घर देगा दस्तक
नीमच: विधानसभा चुनाव के नतीजे व नई सरकार बनने के बाद राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ यानी की आरएसएस समग्र हिंदू समाज के घर – घर जाकर दस्तक देगा। इसकी वजह अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के मंदिर की शुरुआत होना है। मंदिर की शुरुआत 22 जनवरी को होगी, लेकिन इसके पूर्व आरएसएस घर – घर जाकर हिंदू परिवारों को मंदिर में दर्शन के लिए आने का न्यौता देगा।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले श्री रामलला की मूर्ति के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह से पहले 1 से 15 जनवरी, 2024 तक नीमच, मंदसौर व रतलाम में व्यापक संपर्क अभियान चलाएंगे। इस दौरान स्वयंसेवक राम मंदिर का चित्र देकर लोगों को राम मंदिर के दर्शन के लिए आमंत्रण देंगे। इसके लिए प्राथमिक तैयारी संघ के स्वयं सेवकों ने शुरू कर दी है। असल में कुछ दिन पूर्व गुजरात के भुज में आरएसएस की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक हुई थी। इस बैठक में कई अहम निर्णय लिए, उनमे से ही एक निर्णय 1 से 15 जनवरी तक व्यापक संपर्क अभियान चलाने का लिया।
ये निर्णय भी लिए
अब तक संघ के प्रशिक्षण वर्ग में पाठ्यक्रम समान रहता था। अब उसमें बदलाव किया जाएगा। अब होने वाले संघ प्रशिक्षण वर्ग या शिविर में युवाओं व अन्य के पाठ्यक्रम अलग-अलग होंगे। अब तक बौद्धिक एवं शारीरिक का ही प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया जाता था, अब बदलाव करते हुए इनके साथ – साथ सामाजिक जीवन में विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने का प्रायोगिक प्रशिक्षण देंगे।। इसके अलावा देश की सीमाओं पर रहने वाले नागरिकों के बीच सक्रियता बढ़ाने का निर्णय लिया है। इतना ही नहीं, संघ की शाखा का विस्तार भी किया जाएगा। संघ शताब्दी वर्ष 2025 तक देश के 59060 मंडल तक पहुंचने का लक्ष्य पर काम करेगा।
शताब्दी वर्ष के लिए 5 संकल्प
संघ ने शताब्दी वर्ष पर समाज परिवर्तन के 5 संकल्प लिए हैं। इसमें सामाजिक समरसता, परिवार प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी जीवन शैली और नागरिक कर्तव्य शामिल हैं। स्वयंसेवक इन मुद्दों पर लोगों के साथ काम करेंगे। इसके अलावा 1 जनवरी से 15 जनवरी तक अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के लिए आमंत्रण देने का निर्णय लिया है।
डॉ. रत्नदीप निगम, प्रचार विभाग, प्रांत टोली सदस्य


नव भारत न्यूज

Next Post

जिले में 3 लाख 71 हजार 406 महिलाओं ने किया मतदान

Tue Nov 21 , 2023
विधानसभा चुनाव में पुरुषों की अपेक्षा 8.74 प्रतिशत महिलाओं ने ज्यादा किया मतदान सीधी : जिले में विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान को लेकर महिलाओं में इस बार काफी जागरुकता दिखी। पुरुषों की अपेक्षा मतदान करने के लिए ज्यादा संख्या में महिलाएं अपने मतदान केन्द्रों में पहुंची। जिला निर्वाचन आयोग […]

You May Like