रतलाम। मौसम में बदलाव के साथ ही अब ठंडक बढऩे लगी है। इसके चलते रातें ठंडी होने व दिन में भी सर्दी का अहसास होने लगा है। गत दिनों पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी का असर दिखाई देने लगा है।
मौसम विभाग के अनुसार अभी कुछ दिनों तक तापमान में और गिरावट होने के आसार हैं। अभी अधिकतम व न्यूनतम तापमान में चार दिनो से एक समान ही है, लेकिन आगे गिरावट हो सकती है।
मालूम हो कि नवंबर माह के पहले सप्ताह में ही ठंडक का अहसास होने लगा था। सोमवार को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 15 डिग्री रहा। भोपाल मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अभी करीब एक सप्ताह तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है, जिसकी वजह ये है कि वर्तमान में उत्तर भारत क्षेत्र में कोई भी प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। हवाओं का रुख उत्तरी एवं उत्तर-पूर्वी बना हुआ है। हवाओं के रुख के कारण ही दिन-रात के तापमान में गिरावट होने लगी है।इधर ठंडक बढऩे के चलते गर्म कपड़ों की दुकानों पर भी ग्राहकी बढऩे लगी है। सुबह-शाम सैर के निकलने वाले भी जैकेट, मफलर आदि पहनकर निकल रहे हैं। सुबह ओस के साथ ही हल्का कोहरा भी छाने लगा है।
ठंडी के असर दिखाने के साथ ही अब अलमारियों से भी गर्म पकड़े निकल गए हैं। आमजन सुबह और शाम गर्म पकड़ों में नजर आने गले हैं। वहीं शहर के दो बत्ती सहित बाहरी क्षेत्रों में गर्म पकड़ों के विक्रय करने वालों की दुकानें भी सज गई हैं। तेज ठंड के अनुमान से इन दुकानों पर अच्छी ग्राहकी होने का अनुमान हैं।