उपचुनाव प्रत्याशियों को लेकर भाजपा की बैठक, नामों के पैनल बना कर भेजे जाएंगे

भोपाल, 14 अक्टूबर (वार्ता) मध्यप्रदेश के विजयपुर और बुधनी विधानसभा पर होने वाले उपचुनाव के लिए प्रत्याशी चयन को लेकर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई की आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की उपस्थिति में बैठक संपन्न हुई।
बैठक के बाद पार्टी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि आज प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक हुई है। बैठक में विजयपुर और बुधनी विधानसभा के होने वाले उपचुनाव को लेकर बातचीत की गई है।
उन्होंने कहा कि उपचुनाव को लेकर नामों के आवश्यक सुझाव आए हैं, उसके आधार पर पैनल बनाकर केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा।
पार्टी के यहां स्थित प्रदेश कार्यालय में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री डॉ यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा, प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय प्रमुख तौर पर उपस्थित रहे। इसके अलावा बैठक में केन्द्रीय ससंदीय बोर्ड के सदस्य डॉ. सत्यनारायण जटिया, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेन्द्र शुक्ल, प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राकेश सिंह, प्रहलाद पटेल, वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष व सांसद माया नारोलिया, सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल एवं पूर्व मंत्री रामपाल सिंह भी उपस्थित रहे।
श्योपुर जिले की विजयपुर और सीहोर जिले की बुधनी विधानसभा में उपचुनाव होना है। बुधनी से अब तक राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विधायक थे। उनके लोकसभा चुनाव में विदिशा संसदीय क्षेत्र से सांसद चुने जाने के कारण बुधनी विधानसभा में उपचुनाव होना है। यहां से पूर्व सांसद रमाकांत भार्गव और श्री चौहान के पुत्र कार्तिकेय सिंह चौहान का नाम प्रमुखता से चर्चाओं में बना हुआ है।
वहीं विजयपुर विधानसभा से पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रामनिवास रावत विधायक चुने गए थे। लोकसभा चुनाव के दौरान श्री रावत कांग्रेस से त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल हो गए और डॉ यादव सरकार में उन्हें मंत्री बनाया गया। इसी के चलते यहां उपचुनाव होना है।
इसके अलावा श्री शर्मा ने बताया कि भाजपा संगठन पर्व के तहत दूसरे चरण का समापन 15 अक्टूबर को होगा। आज और कल कार्यकर्ता सदस्यता अभियान के तहत बड़ी संख्या में पार्टी की सदस्यता दिलाने में जुटे हैं।
उन्होंने कहा कि सदस्यता में मध्यप्रदेश भाजपा देश में इतिहास रचेगी, इसके लिए कार्यकर्ता जुटा हुआ है। सदस्यता अभियान के बाद सक्रिय सदस्यता अभियान की शुरूआत होगी और प्रत्येक बूथ पर सदस्य बनाने का काम किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 10 नवंबर से संगठन के चुनाव की शुरूआत होगी।
पिछले कुछ दिन में भाजपा के कई विधायकों के सोशल मीडिया पर कथित तौर पर असंतोष को लेकर वायरल हुए वीडियो के संदर्भ में श्री शर्मा ने कहा कि पार्टी में संवाद बड़ी प्रक्रिया है इसलिए कुछ विधायकों से चर्चा की गई है।

Next Post

कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने मंत्री सारंग के निवासर पर सौंपा ज्ञापन

Mon Oct 14 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email भोपाल, 14 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई ने भोपाल में पिछले कुछ समय से सामने आईं छोटी बच्चियों के साथ छेड़खानी जैसी घटनाओं को लेकर आज जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा। इसी क्रम में भोपाल के नरेला […]

You May Like