इंडोनेशिया मास्टर्स में नयी ऊर्जा के साथ उतरेंगे भारतीय शटलर

जकार्ता(वार्ता) इंडिया ओपन में मिली हार को भुला कर लक्ष्य सेन समेत भारत के अन्य शीर्ष शटलर मंगलवार से यहां शुरू हो रहे इंडोनेशिया मास्टर्स सुपर 500 टूर्नामेंट में नये जोश के साथ कोर्ट में उतरेंगे।

इंडिया ओपन में भारत का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था।भारत के स्टार खिलाड़ी पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन ने औसत दर्जे का प्रदर्शन करते हुये टूर्नामेंट से जल्द विदाई ली थी, जबकि सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी की कूल्हे की चोट के कारण भारतीय चुनौती दूसरे दौर में ही समाप्त हो गई थी।

पीवी सिंधु के अलावा सात्विकसाईराज और चिराग की जोड़ी इस सप्ताह नहीं खेल रही है, ऐसे में भारत की निगाहें विशेषकर लक्ष्य सेन पर होंगी।अल्मोड़ा के 21 वर्षीय खिलाड़ी का मुकाबला मलेशिया ओपन के फाइनल में पहुंचकर सनसनी मचाने वाले कोडाई नारोका से होगा।

इंडिया ओपन में सेन के खिलाफ पहले दौर में हार से निराश आठवीं वरीयता प्राप्त एचएस प्रणय भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करेंगे।प्रणय अपने पहले मैच में जापान के कांता सुनेयामा से भिड़ेंगे जहां उनको कड़ी चुनौती मिलने की संभावना है।

वर्ष 2021 विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता किदांबी श्रीकांत इंडिया ओपन में रोमांचक मुकाबले में विक्टर एक्सेलसेन से हार गये थे, मगर अब वह नये जोश के साथ पूर्व विश्व नंबर एक इंडोनेशिया के शेसर हिरेन रुस्तावितो के खिलाफ जीत हासिल कर अपनी लय पाने की कोशिश करेंगे।

महिला एकल में साइना नेहवाल पहले दौर में चीनी ताइपे की पाई यू पो से भिड़ेंगी।भारतीयों को उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता ने इंडिया ओपन के दूसरे दौर में जगह बनाई थी वहीं
मालविका बंसोड़ पूर्व विश्व चैंपियन रत्चानोक इंतानोन के खिलाफ ओपनिंग करेंगी।

पुरुष युगल में कृष्णा प्रसाद गरागा और विष्णुवर्धन गौड़ पंजाला अपने पहले मुकाबले में मलेशिया के टैन कियान मेंग और टैन वी कियोंग से भिड़ेंगे।एम आर अर्जुन और ध्रुव कपिल पूर्व की चोट के कारण इस टूर्नामेंट में भाग नहीं ले रहे हैं।
महिला युगल में एन सिक्की रेड्डी और श्रुति मिश्रा, हरिता मंझील एच और अशना रॉय, अश्विनी भट के और शिखा गौतम मैदान भारत की तरफ से अपनी दावेदारी पेश करेंगी।

ईशान भटनागर और तनीषा क्रास्टो की मिश्रित युगल जोड़ी का सामना तीसरी वरीयता प्राप्त फ्रांस की थॉम गिक्वेल और डेल्फ़िन डेलरू से होगा।

नव भारत न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

फोर्ड जर्मन कारखाने में 3200 कर्मचारियों की करेगी छंटनी

Tue Jan 24 , 2023
बर्लिन, 24 जनवरी (वार्ता) अमेरिकी वाहन निर्माता कंपनी फोर्ड जर्मनी के कोलोन शहर में स्थित अपने कारखाने से 3,200 कर्मचारियों की छंटनी करेगी। आईजी मेटल मेटल प्रोड्यूसर्स यूनियन के अनुसार, कंपनी ने अमेरिका में उत्पादन पर ध्यान केंद्रित करने की अपनी योजना को लेकर यह फैसला किया है।फोर्ड ने पहले […]

You May Like