*लोकसभा चुनाव में महिलाओं की भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण- भारत सिंह कुशवाह*
ग्वालियर। लोकसभा चुनाव में महिलाओं की भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण होगी। इसीलिए प्रत्येक महिला कार्यकर्ता अपने गली, मोहल्ला से लेकर पोलिंग बूथ तक पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करें। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें। यह बात शुक्रवार को ग्वालियर लोकसभा संसदीय क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह ने भाजपा चुनाव कार्यालय मोदी हाउस में आयोजित महिला मोर्चा की बैठक में कही।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अभय चौधरी ने कहा कि भाजपा ने हमेशा ही महिलाओं का मान-सम्मान बढ़ाया है। भाजपा ने महिलाओं पर अटूट विश्वास किया है। अब महिलाओं को अपने दायित्व के अनुसार अपनी जिम्मेवारियों को समझना होगा और जमीनी स्तर तक आम जन से जुड़कर भाजपा के पक्ष में मतदान शत प्रतिशत मतदान कराएं और भाजपा को भारी मतों से जिताएं।
इस अवसर पर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती नीलिमा शिंदे ने केन्द्र से और प्रदेश संगठन से जो आगामी कार्यक्रम महिला मोर्चा को दिए गए है उसकी विस्तृत जानकारी महिलाओं को दी और साथ में ही आगामी लोकसभा चुनावों के लिए बूथ स्तर पर महिला मोर्चा को काम करने के निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर महिला मोर्चा की बहनें लाड़ली लक्ष्मी बहनों से संपर्क और संवाद करें। 370 वोट के लक्ष्य को पूरा करने में महिला मोर्चा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर लोकसभा संयोजक जय सिंह कुशवाहा, विवेक जोशी, महिला मोर्चा प्रभारी उपेंद्र बैस, महामंत्री विनोद शर्मा, महामंत्री श्रीमती करुणा सक्सेना सहित मोर्चा पदाधिकारी मण्डल अध्यक्ष उपस्थित रहे।