मैड्रिड 28 सितंबर (वार्ता) स्पेन में शुक्रवार रात एल हिएरो द्वीप के पास एक अवैध प्रवासी नाव के पलट जाने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और 48 लापता हो गए।
स्पेन की समुद्री बचाव सेवा ने शनिवार को घटना की पुष्टि की।
समुद्री बचाव के एक्स अकाउंट के अनुसार 27 अन्य लोगों को बचा लिया गया। लापता लोगों की तलाश में कई जहाजों और एक हेलीकॉप्टर के साथ बचाव कार्य अभी भी जारी है।
स्पेन के सार्वजनिक टीवी नेटवर्क आरटीवीई ने बताया कि नाव पर सवार सभी लोग पुरुष थे और बरामद शवों में से एक 12 से 15 साल के किशोर का था।
आरटीवीई ने बताया कि कैनरी द्वीप के एल हिएरो द्वीप के पास शुक्रवार रात कुल तीन प्रवासी नावें पहुंचीं जिनमें से एक पलटने वाली नाव भी शामिल थी। चौथी नाव की अभी भी तलाश की जा रही है। बचाव दल अभी तक उसका पता नहीं लगा पाए हैं। एल हिएरो पहुंची दो नावों में कुल 151 लोग सवार थे जिनमें छह बच्चे और चार शिशु शामिल थे।
उन्होंने बताया कि तीन नावों में सवार दस लोगों को चिकित्सा देखभाल के लिए एल हिएरो के दक्षिणी सिरे पर ला रेस्टिंगा बंदरगाह भेजा गया। शुक्रवार रात को ही कैनरी द्वीप समूह के एक अन्य द्वीप लैंजारोटे के पास 57 लोगों को ले जा रही एक नाव को बचाया गया।