जबलपुर: मानसून की विदाई की बेला में सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से मौसम की रंगत बदली हुई है। बुधवार को भी सुबह से मौसम का मिजाज बदला रहा। सुबह से बादल मंडराए रहे। शाम ढलते ही मौसम ने करवट बदली और रिमझिम बारिश शुरू हो गई। रूक-रूककर बारिश का क्रम जारी रहा। जिससे मौसम खुशनुमा हो गया। रात करीब आठ बजे तक 2.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बहरहाल मानसून सीजन में बारिश का आंकड़ा गत वर्ष से आगे निकल गया है।
अब तक बारिश का कुल आंकड़ा 1457 मिमी बारिश रिकॉर्ड हो चुकी है। मौसम विभाग की माने तो वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम मानसून वापसी की रेखा फिरोजपुर, सिरसा, चुरू, अजमेर, माउंट आबू, दीसा, सुरेंद्रनगर, जूनागढ़ एवं 21 डिग्री उत्तरी अक्षांश व 70 डिग्री पूर्वी देशांतर से गुजर रही है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ तथा निकटवर्ती क्षेत्रों के ऊपर माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। उत्तरी कोंकण, दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर स्थित चक्रवातीय परिसंचरण से गुजरते हुए दक्षिणी बांग्लादेश तक माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊँचाई पर ट्रफ़ विस्तृत है। जिसको लेकर जबलपुर समेत संभाग क जिलोंं के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ बारिश के आसर बने हुए है।
ऐसा रहा तापमान
बुधवार को अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। सुबह के वक्त आद्रता 82 और शाम को 83 प्रतिशत दर्ज की गई। दक्षिण-पूर्वी हवाएंं 4 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली।