जबलपुर: कुंडम थाना अंतर्गत चिखली ग्राम के खेत में एक वृद्ध की रात में करंट लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह वृद्ध की लाश मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। टीआई अनूप कुमार नामदेव ने बताया कि चिखली ग्राम निवासी 50 वर्षीय मुन्ना सिंह मरावी पिता स्वर्गीय राम सिंह मरावी ने अपने खेत में मक्का की फसल लगाई है। जिसकी तकवारी करने के लिए वह बीती रात अपने घर से खेत जाने के लिए निकला हुआ था लेकिन वापिस नहीं लौटा।
परिजनों ने अपने स्तर पर खोजबीन की लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। सुबह जब परिजन तलाश करते हुए खेत पहुंचे तो मुन्ना का शव मिला। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि मुन्ना सिंह की मौत करंट लगने से हुई है। खेत में करंट लगाया था साथ ही विद्युत लाइन भी गुजरी हुई है। करंट किन परिस्थितियों में लगा यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मर्ग कायम कर जांच मेंं जुट गई है।