मुर्मू ने स्वच्छता ही सेवा अभियान की प्रदर्शनी का अवलोकन किया

उज्जैन, 19 सितंबर (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मध्यप्रदेश के उज्जैन के ग्राम ढेंडिया में रुद्राक्ष होटल में स्वच्छता ही सेवा-2024 अभियान अन्तर्गत लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू ने अनुपयोगी कपड़ों से नवजात बच्चों के लिए बनाई गई दुलार किट, नारियल के अपशिष्ट और गोबर से बनाये गये उत्पाद, सूखे कचरे का सही निपटारा कर बनाये गये बहुउपयोगी उत्पाद और श्रीमहाकालेश्वर मंदिर में अर्पित किए गये फूलों और निर्माल्य से बने उत्पाद, अगरबत्ती एवं अन्य उत्पाद बनाने की मशीन, निर्माल्य प्र-संस्करण, सफाई मित्रों के लिए सुरक्षा उपकरण एवं संसाधन और शून्य अपशिष्ट आयोजन के स्टॉल का अवलोकन किया।
श्रीमती मुर्मू द्वारा प्रदर्शनी स्थल पर मौजूद सफाईकर्मी पुनम सारवान, दीपक थनवार, विधि संगत, राधा धावरे और ज्योति टांक से संवाद किया गया। उन्होंने सफाईकर्मियों से परिचय प्राप्त किया और साथ में मौजूद राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की ओर संकेत करते हुए पूछा कि आप इन्हें जानते हैं। इस पर सफाईकर्मियों ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ यादव तो हमारे यहां के ही हैं।
राष्ट्रपति द्वारा भगवान महाकालेश्वर को अर्पित किए गये फूलों से अगरबत्ती बनाने वाली मशीन का अवलोकन किया गया। स्टॉल पर मौजूद शकुंतला मालवीय, शांतिबाई चौधरी और कविता परमार के द्वारा उन्हें जानकारी दी गई कि भगवान को चढ़ाये गये फूलों से अगरबत्ती निर्माण कर पुन: उनका उपयोग रिसाईकल कर किया जाता है। इस पर राष्ट्रपति द्वारा प्रशंसा व्यक्त की गई। बताया गया कि अन्य प्रमुख मंदिरों में भी शीघ्र ही यह व्यवस्था प्रारम्भ की जायेगी।
श्रीमती मुर्मू को उज्जैन से प्रस्थान करने पर भावभीनी विदाई दी गई। हेलीपैड पर राज्यपाल श्री पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. यादव, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, अपर मुख्य सचिव डॉ राजेश राजौरा, संभाग आयुक्त संजय गुप्ता, आईजी पुलिस संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।

Next Post

गोरखपुर–महबूबनगर विशेष गाड़ी रहेगी निरस्त

Thu Sep 19 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email भोपाल,19 सितंबर (वार्ता) दक्षिण मध्य रेलवे के विजयवाड़ा–काजीपेट–बल्लरशाह खंड पर प्री–नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य होने के चलते भोपाल रेल मंडल से होकर जाने वाली गोरखपुर-महबूबनगर विशेष गाड़ी निर्धारित तिथियों में निरस्त रहेगी। पश्चिम मध्य रेलवे […]

You May Like