खंडवा: राहुल की यात्रा के बाद निमाड़ में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। कांग्रेसी नेता ही नहीं, आम लोग भी कह रहे हैं कि कांग्रेस को विधानसभा चुनाव में फायदा मिलेगा। इस बार कांग्रेसी भी एकजुट इसलिए दिखे, क्योंकि उन्हें सत्ता से बाहर रहते लंबा समय हो गया। उनके काम धंधे भी ठप हो गए। कांग्रेसियों में उत्साह है।बुरहानपुर जिले के इच्छापुर स्थित बोदरली गांव से ही कमलनाथ और दिग्विजयसिंह ने राहुल को मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं का जोश दिखा दिया था। हर कार्यकर्ता ही नहीं आम लोग भी राहुल और प्रियंका के साथ फोटो शूट करवाना चाहते थे। सैकड़ों लोगों ने इसमें सफलता भी पाई। खंडवा जिले में राहुल ने फायर ब्रांड भाषण दिया। बताते हैं कि वे पंधाना विधानसभा क्षेत्र को ज्यादा प्रभावित करते हुए गए।
इस यात्रा में राहुल गांधी ही नहीं,कमलनाथ और दिग्विजयसिंह भी अपने खास समर्थकों से यात्रा का फीड बेक लेते दिखे। स्थानीय बड़े नेताओं से अन्य नेताओं के बारे में जानकारी भी ली। निमाड़ में कांग्रेस के बारे में नए गणित निकाले जा रहे हैं। कमलनाथ ने पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन व घनश्याम राठौर से लंबी बात की। उन्होंने इनसे कहा कि निमाड़ में राहुल गांधी की मेहनत का रिजल्ट दिखना चाहिए। अच्छी टीम तैयार करो। हर कांग्रेसी को वेटेज मिलना चाहिए। कार्यकर्ताओं को जोडऩे व उनमें उत्साह का काम होना चाहिए। मेरी जरूरत होगी तो मैं भी निमाड़ में आकर खुद फीडबेक लूंगा। मध्यप्रदेश की यात्रा के बाद वे लगातार सक्रिय रहेंगे।दिग्विजयसिंह ने भी अवधेश सिसोदिया, राजनारायणसिंह से कहा कि वे कांग्रेस को 2023 में बढ़त दिलाने का काम निमाड़ में शुरू कर दें। हरसूद क्षेत्र के संबंध में सौभाग सांड ने भी राहुल गांधी से बातचीत की।
कमलनाथ के नेतृत्व में फिर अगली प्रदेश सरकार कांग्रेस की: बाला बच्चन
कांग्रेस में आदिवासी वर्ग का मुख्य चेहरा कहे जाने वाले बाला बच्चन फुल फाम में हैं। बाला बच्चन ने खंडवा जिले में सैकड़ों समर्थक बड़वानी से एकता यात्रा में लाए थे। पांच दिन खंडवा में उन्होंने कैंप किया। उन्होंने साफ कहा कि इस यात्रा से कमलनाथ और मध्यप्रदेश की कांग्रेस का चेहरा ज्यादा फोकस में आ गया है। 2023 के विधानसभा चुनाव में फिर कमलनाथ आगे होंगे। कांग्रेस में एकता बढ़ी है। आम लोगों का राहुल की यात्रा में जो प्रतिसाद मिला है, वह कल्पना से भी ज्यादा है। इस बार टिकिट भी तरीकेदार लोगों को दिए जाएंगे,जिन्हें जनता और कांग्रेसी चाहेंगे। निमाड़ में लगभग सभी सीटें कांग्रेस जीतेगी। प्रदेश भर में कमलनाथ के नेतृत्व में यही बात सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी। प्रदेश का विकास पुरानी योजनाओं को पूरा कर नए काम भी जोड़े जाएंगे।
राहुल-प्रियंका को इंदिराजीके मंदिर आने का निमंत्रण
खरगोन कांग्रेस के उपाध्यक्ष घनश्याम राठौर ने करीब 20 मिनट राहुल गांधी और कमलनाथ से बात की। इस बात का केंद्र भीकनगांव के आदिवासी क्षेत्र में इंदिरा गांधी का मंदिर था। राहुल व प्रियंका गांधी से घनश्याम राठौर ने कहा कि इंदिराजी का मंदिर वर्षों से आदिवासी क्षेत्र में बनाया है। आदिवासी ही यहां पूजा और भोग लगाते हैं। वे इंदिराजी को देवी का अवतार मानते हैं। यहां 2023 विधानसभा चुनाव के पहले राहुल व प्रियंका गांधी की सभा हो तो कांग्रेस ज्यादा मजबूत होगी। राहुल ने इसके लिए बाला बच्चन और घनश्याम राठौर को यात्रा के बाद दिल्ली बुलाया है। आपको बता दें कि बड़वानी,खरगोन,खंडवा व नेपानगर क्षेत्र में आदिवासी मतदाता अधिक हैं। यहां आदिवासी नेताओं के हाथ में जिम्मेदारी दी जाए तो मामला कांग्रेस के लिए पाजिटिव हो सकता है।