दतिया: दतिया मंडी प्रबंधन और व्यापारियों की मनमानी से परेशान किसान सड़कों पर उतर आए। किसानों ने मंडी गेट पर ताला जड़ दिया। उसके बाद सेंवड़ा दतिया स्टेट हाईवे पर आड़े ट्रैक्टर खड़े कर जाम लगा दिया। लगभग ढाई घंटे यह चलता रहा। दतिया एसडीओपी प्रियंका मिश्रा और एसडीएम ऋषि कुमार सिंघई मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया।
किसानों का आरोप है कि मंडी में व्यापारी पहले तो किसानों की फसल की बोली कम दामों में लगाते हैं, उसके बाद तौल में किसानों का माल कम तौलते है बाद में 15 से बीस दिन तक पैसे नहीं देते हैं। हमारे घरों में चाहे शादी हो या कोई कार्यक्रम फिर भी व्यापारी मौके पर पैसे नहीं देते हैं। किसानों के साथ हो रहे अन्याय के चलते चक्का जाम किया है।
खरीद के बाद नगद रुपए नहीं देने व कम दाम में फसल खरीदने के विरोध में किसानों ने मंडी के सामने जाम लगा दिया जिससे सड़क से निकलने वाले राहगीरों को समस्या का सामना करना पड़ा। किसानों ने आरोप लगाते हुए कहा कि मंडी प्रशासन में एक नहीं बल्कि कई अनियमितताएं हैं। व्यापारी किसानों से कम कीमत में धान खरीद रहे हैं जिससे किसानों का नुकसान हो रहा है।