दमिश्क, 14 सितंबर (वार्ता) सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद ने मोहम्मद गाजी जलाली को देश का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया है।
सरकारी मीडिया ने शनिवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रपति के आदेश के अनुसार पेशे से सिविल इंजीनियर और अर्थशास्त्री जलाली (55) को एक नया मंत्रिमंडल बनाने का काम सौंपा गया है। उन्होंने हुसैन अर्नस का स्थान लिया, जो जून 2020 से प्रधान मंत्री थे। श्री अर्नस की सरकार जुलाई में संसदीय चुनावों के बाद अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद से कार्यवाहक भूमिका में कार्य कर रही थी।
श्री जलाली इससे पहले 2014 से 2016 तक संचार मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं। उन्होंने मिस्र में ऐन शम्स विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग अर्थशास्त्र में डॉक्टरेट और दमिश्क विश्वविद्यालय से सिविल इंजीनियरिंग में उपाधि प्राप्त की है।
श्री जलाली का चयन नई सरकार के गठन पर चर्चा के लिए श्री असद और सीरिया की सत्तारूढ़ बाथ पार्टी के नेताओं के बीच शुक्रवार को एक बैठक के बाद किया गया है।
आने वाले दिनों में पूर्ण कैबिनेट की आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है। नया प्रशासन 25 सितंबर को सीरियाई पीपुल्स असेंबली में अपना नीति वक्तव्य पेश करने वाला है।