शासकीय योजनाओं पर रोक के मुद्दे को लेकर पटवारी का मुख्यमंत्री को पत्र

भोपाल, 11 सितंबर (वार्ता) मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य में कई अहम योजनाओं पर रोक लगने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को पत्र लिख कर उनसे इस विषय में कार्रवाई करने और राज्य की वित्तीय स्थिति पर श्वेत पत्र लाने का आग्रह किया है।

श्री पटवारी ने आज सार्वजनिक किए गए इस पत्र में कहा है कि प्रदेश में सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर रोक लगने और लगातार बढ़ते कर्ज से जनता प्रभावित हो रही है। उन्होंने इसी क्रम में कहा कि सरकार ने 33 विभागों की 73 से अधिक योजनाओं पर रोक लगा दी है। ये उन लोगों के साथ विश्वासघात है जिन्होंने भारतीय जनता पार्टी के चुनावी वादों पर भरोसा किया था।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य में टॉपर बच्चों को स्कूटी देने और लैपटॉप के लिए राशि देने की योजना भी रोक दी गई है और सरकार के इस निर्णय से प्रतिभावान बच्चे अब सवाल कर रहे हैं कि उन्हें उनका अधिकार कब मिलेगा। उन्होने लाड़ली बहना आवास योजना की राशि भी पात्र महिलाओं को नहीं मिलने का आरोप लगाया।

उन्होंने प्रदेश की आर्थिक स्थिति गंभीर होने का आरोप लगातेे हुए कहा कि प्रदेश पर लगभग पौने चार लाख करोड़ रुपए का कर्ज हो चुका है। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ यादव से आग्रह किया कि प्रदेश की वित्तीय स्थिति पर एक श्वेत पत्र जारी किया जाए।

 

Next Post

मध्यप्रदेश में एमएसपी पर सोयाबीन खरीदी की अनुमति: शिवराज

Wed Sep 11 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email भोपाल, नयी दिल्ली, 11 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि मध्यप्रदेश सरकार की ओर से प्रस्ताव आने के बाद राज्य में सोयाबीन की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर किए जाने […]

You May Like