भोपाल, 09 सितंबर (वार्ता) मध्यप्रदेश सरकार ने आज देर शाम भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के दो दर्जन से अधिक अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए। इसके अलावा राज्य प्रशासनिक सेवा (राप्रसे) के 20 अधिकारियों की तबादला सूची भी जारी की गयी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध संचालक अमित तोमर को सामान्य प्रशासन विभाग में अपर सचिव के रूप में पदस्थ किया गया है। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की अपर सचिव श्रीमती सरिता बाला प्रजापति को जल एवं भूमि प्रबंधन संस्थान (वाल्मी) भोपाल के संचालक की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। इंदौर संभाग की अपर आयुक्त श्रीमती जमुना भिड़े को उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में उप सचिव के रूप में पदस्थ किया गया है।
इंदौर नगर निगम के अपर आयुक्त सिद्धार्थ जैन को भोपाल जिले में अपर कलेक्टर पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही अपर कलेक्टर स्तर के अन्य अधिकारियों के तबादला आदेश भी जारी हुए हैं। सरकार ने राप्रसे के 20 अधिकारियों के तबादले भी किए हैं।