बक्से में मिला रिटा. जवान का शव,प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका

*संदेह के घेरे में पड़ोसी की छत पर छिपी मिली नातिन*

ग्वालियर। एक रिटायर्ड होमगार्ड जवान की हत्या कर दी गई। शव कमरे में बक्से में बंद मिला। उनकी नातिन लापता थी। गुरुवार रातभर पुलिस उसे खोजती रही। वह शुक्रवार सुबह लोगों को पड़ोसी के निर्माणाधीन मकान की छत पर पानी की टंकी के पास छिपी मिली। पुलिस ने उसे निगरानी में लिया है। शव सड़ चुका है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या होली की रात की गई होगी। दो दिन से किशोरी ही परिवार को सूचना दे रही थी कि दादा जी को किसी ने मार दिया है। उसे अंधेरे कमरे में बंद कर दिया है। पुलिस को मामला प्रेम प्रसंग में हत्या का लग रहा है। कुछ नाम भी सामने आए हैं।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दतिया के थान गांव पंडोखर निवासी रामस्वरूप राठौर (65) होमगार्ड से रिटायर्ड सैनिक थे। 8 दिन पहले ही वह 15 साल की नातिन के साथ ग्वालियर आए थे। यहां माधौगंज के गुढ़ा स्थित कृष्णा नगर में भी उनका घर है। नातिन ग्वालियर में ही 10वीं की छात्रा है। अपनी स्कॉलरशिप के सिलसिले में वह साथ आई थी। होली तक दोनों को आसपास रहने वालों ने देखा। इसके बाद से कोई नजर नहीं आया।

होली के अगले दिन 26 मार्च को छात्रा ने पिता महेश राठौर को फोन कर दतिया में सूचना दी कि कुछ लोग दादा से मारपीट कर रहे हैं। लेनदेन की बात पर झगड़ा कर रहे हैं। छात्रा के पिता ने जब उससे दादा से बात कराने के लिए कहा तो बोली कि दादा जी रुपए लेने गए हैं।

महेश ने पास ही रहने वाले राजेंद्र धाकड़ को जाकर देखने के लिए कहा। जब राजेंद्र रिटायर्ड होमगार्ड जवान के घर पहुंचे तो दरवाजा खुला हुआ था। अंदर कोई नहीं था। उन्होंने महेश को इसकी सूचना दी और ताला लगा दिया।

गत शाम छात्रा ने फिर पिता को फोन लगाया और बोली दादा जी की हत्या कर दी है। लाश कमरे में पड़ी है। मैं किसी अंधेरे कमरे में बंद हूं। इसके बाद परिजन ग्वालियर आ गए। पड़ोसी से मकान का ताला खुलवाया। अंदर कोई नजर नहीं आया, लेकिन बदबू आ रही थी। उन्हें लगा कि दोनों लापता हैं। पुलिस को सूचना देने के लिए दस्तावेज-फोटो देने होंगे। इसके लिए उन्होंने बक्सा खोला, तो अंदर शव पड़ा हुआ था। फिर पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव और फिंगर प्रिंट टीम को भी स्पॉट पर बुलाया गया।

 

छात्रा से मिलने आने वाले लड़कों की तलाश

पुलिस ने छात्रा को थाने लाकर पूछताछ की तो कुछ नाम सामने आए हैं। जो लडक़े उससे मिलने आते थे, पुलिस अब उन्हें तलाश रही है।

इस मामले में माधौगंज थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा का कहना है कि शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग का एंगल सामने आया है। जल्द खुलासा किया जाएगा।

Next Post

पांच घंटे में दर्शन,पुरानी व्यवस्थाएं कब बदलेगा प्रशासन?

Fri Mar 29 , 2024
  नवभारत न्यूज खंडवा-ओंकारेश्वर। नगर में शुक्रवार गुड फ्र्राइ-डे पर एक लाख भक्त ओंकारेश्वर पहुंचे। शनिवार रंगपंचमी,रविवार,सोमवार को भी भारी संख्या में भक्त पहुंचेंगे। व्यवस्थाएं भी बोनी दिखाई दी। कतार में भक्त धक्का-मुक्की से परेशान दिखे। शुक्रवार को गुडफ्राइडे की छुट्टी के चलते ओंकारेश्वर में दोनों पुल से लंबी लाइन […]

You May Like