कभी नहीं जीतने वाली विधानसभाओं में सदस्यता अभियान से परचम फहरायेंगे: यादव

भोपाल, 21 अगस्त (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि भाजपा जनता पार्टी ने आजादी के बाद प्रदेश की लगभग 11 विधानसभा सीटें कभी नहीं जीती हैं। हमें संगठन पर्व के माध्यम से उन विधानसभाओं में पार्टी संगठन को मजबूत कर जीत का परचम फहराना है।

डॉ यादव ने आज यहां भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संगठन पर्व की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित किया। कार्यशाला को डाॅ यादव के अलावा राष्ट्रीय महासचिव अरूण सिंह, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद और प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी नेतृत्व में मध्यप्रदेश में डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। इस प्रदेश की जनसंख्या साढ़े आठ करोड़ से अधिक है। वर्तमान में प्रदेश में 4.30 करोड़ मतदाता हैं। ऐसे में डेढ़ करोड़ का लक्ष्य कोई बहुत बड़ा लक्ष्य नहीं है। हमारे सामने अभी आकाश बाकी है, 4.30 करोड़ मतदाताओं में डेढ़ करोड़ का लक्ष्य प्राप्त कर के लिए सरकार भी अपना कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार सामाजिक सरोकारों के साथ सभी धर्म-समाज के लोगों के साथ मिलकर समाज के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का कार्य करना देव कार्य कहा जाता है, यानी देवताओं का कार्य। भगवान श्री राम के युग में जो कार्य वानर सेना ने किया, श्री कृष्ण युग में वही कार्य बाल गोपाल ने किया, इस युग में वही कार्य भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को करना है। इस काल में भारत माता की सेवा का कार्य ही देव कार्य है। भाजपा का सदस्य बनकर भारत माता की सेवा करने का अवसर हम सबको मिला है।

डॉ यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के कार्यकर्ता अपनी मेहनत से प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों को जीतकर एतिहास बना चुके हैं। 2023 के विधानसभा चुनाव में 163 सीटों में जीकर इतिहास कायम कर चुके हैं। सरकार के कार्यों और संगठन शक्ति के साथ कार्य करते हुए पार्टी कार्यकर्ता हर लक्ष्य को पूरा करने में सक्षम हैं। भाजपा कार्यकर्ता पार्टी द्वारा तय किए गए सदस्यता अभियान के लक्ष्य को पूरा करेंगे। लक्ष्य को प्राप्त करने क लिए प्रदेश सरकार के मंत्री, सभी सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से जुटेंगे।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव श्री सिंह ने कहा कि इस समय देश-प्रदेश में वातावरण हमारे अनुकूल और उत्साहवर्धक है। सदस्यता अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अन्य राज्यों के लिए मध्यप्रदेश मॉडल बनेगा। श्री नरेंद्र मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं, जो हम सभी के लिए गौरव की बात है। मध्यप्रदेश में आप सभी के परिश्रम से हमने विधानसभा की 163 सीटें जीतकर सरकार बनाई है। देश के 13 राज्यों में भाजपा की और 20 में एनडीए की सरकारें हैं। यहां तक की उड़ीसा में भी हमारी सरकार बन चुकी है, जिसके बारे में किसी ने सोचा नहीं होगा। देश के कोने-कोने में भाजपा है।

उन्होंने कहा कि मेयर, कार्पोरेट, सांसद, विधायक आदि सबसे ज्यादा जनप्रतिनिधि भाजपा के हैं। प्रधानमंत्री की लोकप्रियता दुनिया में ऊंचाई पर है। भारत दुनिया की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और दुनिया भर के आर्थिक संगठन यह कह रहे हैं कि 2027 तक ही भारत दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। हमें इस वातावरण का लाभ लेना चाहिए और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने नई सदस्यता का जो लक्ष्य रखा है, उसे हासिल करना चाहिए।

श्री सिंह ने सदस्यता की प्रक्रिया का प्रेजेंटेशन देते हुए कहा कि कांग्रेस हर बात का नकारात्मक विरोध करती है, भ्रम फैलाती है। इसकी वजह यह है कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के पास अपनी कोई नीति नहीं है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसे इंडी गठबंधन कभी परास्त नहीं कर सकता। भाजपा के सैनिकों में सभी को परास्त करने की ताकत है।

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि 2014-15 के सदस्यता अभियान में भाजपा के सदस्यों की संख्या बढ़कर 11 करोड़ हो गई थी और भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन गई थी। 2019 में भाजपा की सदस्य संख्या 19 करोड़ हो गई थी। मध्यप्रदेश में भी पिछले संगठन पर्व में 96 लाख लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। श्री शर्मा ने कहा कि इस बार हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व ने तय किया है कि देश में 10 करोड़ नए सदस्य बनाना है। मध्यप्रदेश में आप सभी की सहमति से 1.5 करोड़ नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है।

श्री शर्मा ने कहा कि छिंदवाड़ा चुनाव के पहले प्रधानमंत्री श्री मोदी ने यह पूछा था कि हम छिंदवाड़ा कैसे जीतेंगे? तब मैंने उन्हें बताया था कि हमारा पार्टी संगठन और केंद्र व राज्य सरकारों की योजनाओं के हितग्राही हमारी ताकत हैं। इन्हीं के बल पर हम ये चुनाव जीतेंगे और हम जीत भी गए। अब इसी ताकत के बल पर हम 1.5 करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य भी हासिल करेंगे। सभी लोग पूर्व योजना तथा पूर्ण योजना के साथ संकल्प लेकर मैदान में उतरें और लक्ष्य हासिल कर के इतिहास बनाएं।

भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के प्रभारी डॉ महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में जिस प्रकार से राष्ट्र निर्माण कार्य किया जा रहा है। इससे स्पष्ट है कि आने वाला दिन भारत का होने वाला है। भाजपा का सदस्य बनकर हमें भारत माता की सेवा करना है। मध्यप्रदेश में वर्तमान में 41 लाख से अधिक रजिस्टर्ड कार्यकर्ता हैं और डेढ़ करोड़ कार्यकर्ता बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि ऐसे में मध्यप्रदेश का हर रजिस्टर्ड कार्यकर्ता 4-4 सदस्य बनाए तो प्रदेश में एक करोड़ 60 लाख से अधिक कार्यकर्ता बन जाएंगे जो लक्ष्य से अधिक है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश का संगठन एक आदर्श संगठन है। मध्यप्रदेश के कार्यकर्ता सदस्यता अभियान शुरू होने के पहले घंटे से यह लक्ष्य लेकर चलें कि उन्हें अभियान के शुभारंभ से समाप्त तक देशभर में पहले नंबर पर रहना है। इस प्रदेश संगठन के संगठन का देश के दूसरे राज्यों में आदर्श के रूप में माना जाता है। मध्यप्रदेश के संगठन की अपने कार्यों और संगठन शक्ति के कारण देश-दुनिया में होती रहती है।

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद ने सदस्यता अभियान को लेकर पार्टी संगठन द्वारा बनाए गए कैलेंडर की जानकारी देते हुए कहा कि सभी जिलों में निर्धारित तिथियों पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएं। कार्यक्रम का समय पर क्रियान्वयन हो। जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और संभाग प्रभारी इसकी पूरी जिम्मेदारी संभालेंगे। हमारी पहचान कार्यकर्ता निर्माण की है। यह स्व. कुशभाऊ ठाकरे की कर्मभूमि है। उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए जो कार्य किया था, उसकी वजह से आज मध्य्रदेश में पार्टी का संगठन इतना मजबूत है। 26 अगस्त को स्व. ठाकरे की जयंती है, हमें सदस्यता अभियान के साथ जयंती भी मनाना है। इसके पहले 25 अगस्त को प्रधानमंत्री श्री मोदी की मन की बात कार्यक्रम होना है। पार्टी कार्यकर्ता 25 अगस्त को मन की बात और 26 अगस्त को स्व. ठाकरे की जयंती को सदस्यता अभियान से जोड़कर कार्यक्रम करें। हारे हुए बूथों, शक्ति केंद्रों और विधानसभाओं में सदस्यता अभियान को लेकर विशेष ध्यान रखा जाए।

Next Post

दो रिटायर तहसीलदार के पेंशन रोकने के निर्देश. 

Wed Aug 21 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email भोपाल, 21 अगस्त. मध्यप्रदेश में अनियमितताएं बरतने के मामले में दो सेवानिवृत्त तहसीलदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सरकार ने उनकी पेंशन रोकने के आदेश दिए गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार जिन सेवानिवृत्त तहसीलदारों पर कार्रवाई […]

You May Like