भोपाल, 16 अगस्त (वार्ता) पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एक महिला चिकित्सक से दुष्कर्म और हत्या की घटना को लेकर आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाजिया इल्मी ने पश्चिम बंगाल की ममता सरकार को आड़े हाथों लिया और कहा कि इस जघन्य घटना के आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
श्रीमती इल्मी यहां भाजपा के प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि कोलकाता में महिला डॉक्टर से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की बर्बरतापूर्ण घटना ममता सरकार के जमीर पर धब्बा है। इस जघन्य घटना के आरोपियों पर कार्रवाई करने की बजाय उन्हे बचाने, सबूत नष्ट कराने का शर्मनाम काम किया जा रहा है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि महिला चिकित्सक के साथ हुई बर्बरता के दोषियों पर कार्रवाई की बजाय इसके लिए राम, श्याम और वाम को जिम्मेदार बताया जा रहा है। राम किसी एक पार्टी या धर्म के नहीं, पूरे देश के हैं। इस घटना के संबंध में भगवान राम का नाम लिया जाना अत्यंत शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि महिला डॉक्टर के पोस्टमार्टम में जिस तरह की बर्बरता और हैवानियत के साक्ष्य मिले हैं, उससे पूरा देश सदमे में हैं।
श्रीमती इल्मी ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस पूरे मामले में पश्चिम बंगाल की ममता सरकार का रवैया शर्मनाक रहा है। पीड़ित महिला डॉक्टर के माता-पिता को ममता सरकार ने बताया कि उनकी बेटी ने आत्महत्या की है। इस घटना के बाद से लगातार सबूत नष्ट करने और आरोपियों को बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उस बिल्डिंग में अचानक रिनोवेशन का काम शुरू कर दिया गया, जिसमें ये बर्बर घटना हुई थी।