नयी दिल्ली, 05 अक्टूबर (वार्ता) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में हालिया प्रदर्शनों के दौरान महिलाओं और महिला पत्रकारों के साथ कथित बदसलूकी को लेकर दिल्ली पुलिस और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। श्री गांधी ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि दिल्ली में इस समय जो हो रहा है, उसका एक ही पैटर्न है-“जो महिला सवाल पूछे, उसे चुप कराओ।
” उन्होंने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया गया और महिला प्रदर्शनकारियों ने पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा बदसलूकी के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि महिला पत्रकारों के कैमरे छीने गए और उन्हें घसीटा गया। हालिया जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान तीन महिला पत्रकारों ने पुलिसकर्मियों पर यौन दुर्व्यवहार के आरोप लगाये हैं, जिनकी शिकायतें दिल्ली पुलिस ने जांच के लिए क्राइम ब्रांच को भेजी हैं।
श्री गांधी ने साकेत थाने से जुड़े पुराने मामले का हवाला देते हुए पूरा सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने और दोषी पुलिसकर्मियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने शाहीन, नफ़ीसा समेत कथित पीड़ितों को न्याय देने की मांग करते हुए श्री शाह से सवाल किया, “आप और आपकी पुलिस महिलाओं से डरती क्यों है?” गौरतलब है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की इस्तीफ़े की मांग को लेकर दिल्ली के अलग अलग-अलग इलाक़ों में लगातार विरोध प्रदर्शन जारी हैं।

