भोपाल, 10 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज कहा कि हमारा बूथ किस तरह एक आदर्श बूथ बने और चुनाव में इस बूथ से हमें 50 प्रतिशत मत बढ़कर मिले। इस बात की चिंता बूथ समिति को करना है।
श्री शर्मा ने यह बात आज भोपाल के बूथ क्र. 69 से ‘बूथ विजय संकल्प अभियान’ की शुरूआत करते हुए कही। प्रदेश अध्यक्ष ने बूथ समिति और कार्यकर्ताओं को बूथ विजय का संकल्प दिलाया। श्री शर्मा ने भोपाल के दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के वार्ड क्रमांक 25 के बूथ क्रमांक 69 से ‘बूथ विजय संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। प्रदेश अध्यक्ष स्वयं इस बूथ के रहवासी हैं। उन्होंने बूथ के रहवासियों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं पर केंद्रित पत्रक वितरित किया और उन्हें केंद्र सरकार के 8 वर्षों की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी।
प्रदेश अध्यक्ष ने इस दौरान बूथ समिति की बैठक ली और उनके कामों का बंटवारा किया। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी, मंडल अध्यक्ष पारस नरवरिया, बूथ अध्यक्ष राजा लोढेरे सहित समिति के सदस्यगण मौजूद थे।
श्री शर्मा ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि हमें देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सक्षम नेतृत्व और प्रदेश में संवेदनशील मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का नेतृत्व मिला है। हमारे नेतृत्व, हमारी नीतियों और हमारी उपलब्धियों से कांग्रेस के नेता घबराएं हुए हैं और इसलिए वे समाज में लगातार भ्रम का वातावरण पैदा करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के झूठ, फरेब का हमें तथ्यों के साथ मुखरता से जवाब देना है। बूथ पर जनता तक सरकार की सही जानकारी पहुंचे, इसके लिए हमारे बूथ कार्यकर्ता प्रवक्ता बनकर कार्य करें।
उन्होंने कहा कि जनता को बताएं कि जब कांग्रेस की सरकार थी, तब उन्होंने 1 लाख 34 हजार गरीबों को आवास से वंचित रखा। कांग्रेस सरकार ने संबल जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं बंद कीं। उन्होंने अपने बूथ क्र. 69 की बैठक में समिति सदस्यों से चर्चा कर उनके कामों का बटवारा करते हुए बूथ के करणीय कार्यों के बारे में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने समिति की महिला सदस्यों से कहा कि सरकार की अधिकांश योजनाएं महिला केंद्रित हैं। चुनाव में महिला शक्ति का साथ हमेशा भाजपा को मिला है।