
जबलपुर। खमरिया थाना अंतर्गत घाना निवासी किशोरी को शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया गया। पीढ़िता छह माह की गर्भवती हो गई है। जब उसने शादी करने की बात कही, तो आरोपी साफ मुकर गया। किशोरी की तबीयत बिगड़ने के बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ, जिसके बाद परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार,17 वर्षीय पीढ़िता के पिता का निधन हो चुका है। उसकी मां पेशे से नर्स हैं और भोपाल में पदस्थ होने के कारण वहीं रहती हैं। इस वजह से किशोरी खमरिया के घाना क्षेत्र में अपनी नानी के घर पर रहकर पढ़ाई और देखभाल कर रही थी। मां की अनुपस्थिति और सूनेपन का फायदा उठाकर आरोपी ने किशोरी को अपने जाल में फंसाया। पीढ़िता और नाबालिग आरोपी की पहचान स्कूल के दिनों से थी। दोनों स्कूल के समय से ही एक-दूसरे को जानते थे। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। आरोपी कैटरिंग का काम करता है, जिसने किशोरी को शादी का भरोसा दिलाया और लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। लगातार शारीरिक शोषण के कारण किशोरी छह माह की गर्भवती हो गई। जब उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया और पीढ़िता को छोड़ दिया। इस बीच, उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। परिजनों ने जब डॉक्टर से जांच कराई और कड़ाई से पूछताछ की, तब जाकर उसने रोते हुए अपनी नानी को पूरी आपबीती सुनाई। पीढ़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
