
सिंगरौली । समाज के अंतिम छोर पर निवासरत विशेष जनजातीय समूहों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में ननि अध्यक्ष देवेश पांडेय की विशेष पहल पर मुड़वानी स्थित बैगा बस्ती में एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। ननि अध्यक्ष देवेश पांडेय ने स्वयं शिविर में उपस्थित होकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा बैगा परिवारों एवं बच्चों से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम जानी।
शिविर में विशेष संरक्षित बैगा जनजाति के दर्जनों परिवारों एवं बच्चों का चिकित्सकों की टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान मौसमी बीमारियों, सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं सहित बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर की जांच की गई। चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत आवश्यकता अनुसार मरीजों को मौके पर ही नि:शुल्क दवाओं का वितरण किया गया। ननि अध्यक्ष ने शिविर के दौरान उपस्थित बैगा परिवारों से सीधे संवाद करते हुए उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। सुदूर एवं जरूरतमंद बस्तियों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों को उनके घर के समीप स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। शिविर में स्वास्थ्य विभाग एवं आंगनवाड़ी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। विभागीय टीम द्वारा बच्चों के पोषण स्तर की जांच के साथ ही माताओं एवं परिवारों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
