इंदौर: हीरानगर क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले तीन आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस को इंदौर से राजस्थान के खाटूश्यामजी तक करीब 1000 किलोमीटर पीछा करना पड़ा. तकनीकी साक्ष्यों और सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने तीनों को वारदात के पांच दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया. उनके कब्जे से 2.85 लाख रुपए नकद समेत करीब 10.32 लाख रुपए का चोरी का माल बरामद हुआ है.
18 अगस्त को फरियादी मकान में ताला लगाकर मित्र के यहां गया था. 28 अगस्त की रात करीब 2.33 बजे लौटने पर उसे मकान का ताला टूटा मिला. अंदर कुछ लोग मौजूद थे, जो उसे देखते ही भाग निकले. अलमारी और लॉकर के ताले भी टूटे मिले. जांच में सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी होना सामने आया. पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम बनाई. टीम ने घटनास्थल से लेकर आसपास के इलाकों के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना से आरोपियों की गतिविधियों का पता चला. इसके बाद पुलिस टीम ने इंदौर से उनका पीछा शुरू किया और राजस्थान के खाटूश्यामजी मंदिर क्षेत्र तक पहुंची, जहां से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
आरोपियों नकदी सहित गहने और अन्य सामान बरामद
वहां से पुलिस ने दीपक कौशल उम्र 22 साल, प्रवेश उर्फ छोटू मालवीय उम्र 20 साल और करण अहीरवार उम्र 22 साल, तीनों निवासी मूसाखेड़ी, इंदौर, को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों से करीब 32 ग्राम वजनी सोने की चेन, तीन अंगूठियां, पायजेब, बिछिया, चांदी के कड़े, कटोरी, चम्मच और चांदी के सिक्के सहित 2 लाख 85 हजार रुपए नकद बरामद किए. बरामद माल की कुल कीमत करीब 10 लाख 32 हजार 219 रुपए बताई गई है.
अन्य चोरियों को लेकर आरोपियों से की जा रही पूछताछ
एसीपी हीरानगर रुबिना मिजवानी ने बताया कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है. उनसे क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है. चोरी की घटना के बाद पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की थी. लगातार पीछा करते हुए टीम राजस्थान के खाटूश्यामजी तक पहुंची, जहां से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. आरोपियों से करीब 10.32 लाख रुपए का मश्रुका बरामद हुआ है. उनसे पूछताछ जारी है और अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है
