मोदी के कार्यकाल में हुए अभूतपूर्व निर्णय: यादव

मंडला, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शासनकाल की प्रशंसा करते हुए आज कहा कि श्री मोदी के कार्यकाल के दौरान देश में अभूतपूर्व निर्णय लिए गए हैं।डॉ यादव ने यहां एक जनसभा को संबोधित किया। सभा को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते, मध्यप्रदेश शासन की मंत्री संपतिया उइके ने भी संबोधित किया।

सभा के पश्चात डॉ यादव, श्री शर्मा और अन्य नेताओं ने मंडला लोकसभा सीट से प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते का नामांकन पत्र दाखिल कराया। मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के कार्यकाल में अनेक यशस्वी और अभूतपूर्व निर्णय हुए हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध में फंसे भारतीय छात्रों को सुरक्षित निकाला गया। राम राज्य में और भगवान कृष्ण के काल में कोई व्यक्ति भूखा नहीं रहता था। उसी तरह प्रधानमंत्री 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दे रहे हैं। गरीब से गरीब आदमी को भी रहने के लिए छत देना मामूली बात नहीं है। हर गरीब का आशियाना बन जाए, यह सपना देखने के लिए भी हिम्मत चाहिए और यह हिम्मत उसी के पास हो सकती है, जिसका मन पवित्र हो, आत्मा साफ हो और काम करने की इच्छाशक्ति हो। डॉ यादव ने कहा कि हमें गर्व हैं कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के पास ये सभी कार्य करने की खूबियां हैं। कांग्रेस की सरकार ने धारा 370 लगाकर कश्मीर के मामले को उलझा दिया, जिसके कारण 40 हजार लोगों की हत्याएं हुईं। हमारी पार्टी ने इसका विरोध किया। 1951 में धारा 370 का विरोध करते हुए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपना बलिदान दे दिया था। धारा 370 हो या राम मंदिर का मुद्दा हो, कांग्रेस मुस्लिम तुष्टिकरण की नीति के चलते इनको अटकाती रही। कांग्रेस के लोग कहते थे 370 हटाई गई, तो देश जल जाएगा, दंगे भड़क जाएंगे। दोनों मुद्दे हल हो चुके हैं और देश में कहीं कोई दंगा नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम के मंदिर के लिए 500 सालों तक संघर्ष चला। 70 सालों तक यह मामला कोर्ट में चला और उच्चतम न्यायालय से फैसला हुआ। लेकिन कांग्रेस और उनकी पार्टी के प्रत्याशियों के पेट में दर्द हो रहा है कि मंदिर क्यों बन गया। कांग्रेस के नेता रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकराते हैं और उनका प्रत्याशी कहता है कि मंदिर से जरूरी कोई काम नहीं है क्या। डॉ यादव ने कहा कि भगवान राम से हमारा रिश्ता लाखों साल पुराना है। हम तो दिन की शुरुआत भी राम-राम से करते हैं और जीवन के अंत समय में भी राम का नाम हमारे साथ होता है। हम किसी अनजान आदमी से भी मिलते हैं तो राम-राम करते हैं। ऐसे में वो दुर्भाग्यशाली हैं, जो भगवान राम का विरोध कर रहे हैं, उन्हें ठुकरा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में ताकत जनता के पास होती है और आप सब ये संकल्प लें कि जो राम का अपमान करेगा, उसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। डॉ यादव ने कहा कि भगवान कृष्ण के पास एक सुदर्शन चक्र था, जो अधर्मियों का नाश करता था। आपके पास भी वही ताकत है। जिस तरह कृष्ण की ऊंगली पर सुदर्शन चक्र होता था, आपकी ऊंगली में भी ताकत है। जब आप मतदान के समय बटन दबाएंगे तब अपने धार्मिक ग्रंथों, धार्मिक स्थानों, विकास और जनकल्याण का और श्री मोदी के कार्यों का विरोध करने वाले अधर्मियों का नाश हो जाएगा।
डॉ यादव ने कहा कि कांग्रेस में भगदड़ की स्थिति है। कांग्रेस की दुकान हर रोज साफ हो रही है और रोजाना लोग कांग्रेस छोड़ रहे हैं। लेकिन हमारे साथ चलने के लिए हिम्मत चाहिए। हमने भी उनसे ये कहा है कि अगर आप जनता की सेवा के लिए, देशभक्ति के जज्बे के लिए भाजपा में आना चाहते हैं, तो आपका स्वागत है। लेकिन अगर आपकी सोच गड़बड़ है, तो भाजपा में आपके लिए जगह नहीं है। आप वहीं रहिए जहां हैं।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश में वर्षों तक शासन किया, लेकिन उसने जनजातीय भाई-बंधुओं के हित के लिए कोई कार्य नहीं किया। जनजातीय बंधुओं के विकास और कल्याण की चिंता अगर किसी ने की है तो भाजपा सरकार ने की है। स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी जब प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने जनजातीय कल्याण मंत्रालय बनाकर जनजातीय समाज के उत्थान के लिए बजट आवंटित किया। वर्ष 2014 में श्री मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद जनजातीय जननायकों, क्रांतिवीरों और महापुरूषों को सम्मान देने के लिए गौरव दिवस की शुरूआत की गई साथ ही आदिवासी समाज को मान और सम्मान दिया जा रहा है।
श्री शर्मा ने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार गरीबों, दलितों और आदिवासियों का कल्याण कर रही है। आजादी के बाद से 2014 तक अधिकांश समय केंद्र में कांग्रेस की सरकार रही है, लेकिन कांग्रेस सरकार में सिर्फ भ्रष्टाचार हुआ, आए दिन नए-नए घोटाले सामने आते रहते थे।

लेकिन 2014 में श्री मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद एक भी घोटाला नहीं हुआ।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मंडला लोकसभा क्षेत्र में भाजपा को अपार जन समर्थन और जनता का आशीर्वाद मिल रहा है। जहां तक जनता जनार्दन दिखाई दे रही है, उसमें बड़ी संख्या केंद्र या मध्यप्रदेश की भाजपा की डबल इंजन सरकार के हितग्राहियों की है। श्री शर्मा ने कहा कि वे आप सभी जनता जनार्दन से अपील करते हैं कि मंडला लोकसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी व केंद्रीय मंत्री श्री कुलस्ते को ऐतिहासिक बहुमत से जिताकर श्री मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए मतदान करें।
जनसभा को केंद्रीय मंत्री व पार्टी प्रत्याशी श्री कुलस्ते, मध्यप्रदेश शासन की मंत्री संपतिया उइके ने भी संबोधित किया।

इस दौरान मंच पर पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, विधानसभा संयोजक डॉ विनोद मिश्रा, सह संयोजक डॉ प्रफुल्ल मिश्रा, विधायक महेन्द्र नागेश, मुनमुन राय, मंडला जिला अध्यक्ष भीष्म द्विवेदी, सिवनी जिला अध्यक्ष आलोक दुबे सहित जिले के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा सिटी कोतवाली से रैली के रूप में बेगाबेगी चौक होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर पार्टी प्रत्याशी श्री कुलस्ते का नामांकन दाखिल कराया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष भीष्म द्विवेदी एवं पंकज टेकाम उपस्थित रहे। इससे पहले डॉ यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने केंद्रीय मंत्री व पार्टी प्रत्याशी श्री कुलस्ते के साथ माँ नर्मदा का पूजन किया। इसके पश्चात रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। मुख्यमंत्री ने वनवासी बंधुओं के साथ पारंपरिक वाद्य यंत्र भी बजाएं।

Next Post

यादव ने भगौरिया मेले मेें की शिरकत

Sat Mar 23 , 2024
झाबुआ,  मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव आज झाबुआ जिले के रानापुर में आदिवासियों के प्रसिद्व भगौरिया हाट पहुंचे और वहां पर उन्होनें आदिवासी वेशभूषा मेें ढोल की थाप पर थाली बजाते हुए नृत्य किया। डॉ यादव ने इस अवसर पर भगौरिया मेले का आंनन्द लिया और आदिवासीयों को भगौरिया, […]

You May Like