गेहूंबारसा में कलेक्टर का औचक निरीक्षण: निर्माण की खराब गुणवत्ता पर ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट का नोटिस, सचिव सस्पेंड

मुलताई। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने प्रभातपट्टन विकासखंड के ग्राम गेहूंबारसा का भ्रमण कर पंचायत भवन में ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने पेयजल, शिक्षा, बिजली , सड़क एवं अन्य जनसमस्याओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति में आ रही समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए बताया गया घोघरी परियोजना से शीघ्र ही ग्राम में पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। एक ग्रामीण की अंत्येष्टि सहायता राशि तीन माह से लंबित पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित सचिव को निलंबित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिन बुजुर्गों और बच्चों का ई-केवाईसी लंबित है, उनका अभियान चलाकर शीघ्र समाधान करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने ग्राम पंचायत की विकास कार्ययोजना के अनुरूप स्वीकृत कार्य प्रारंभ नहीं किए जाने पर संबंधित उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं पंचायत भवन नियमित रूप से नहीं खुलने तथा शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पाए जाने पर ग्राम रोजगार सहायक की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए।

छात्रावास और स्कूल का निरीक्षण, गुणवत्ता पर जताई नाराजगी

भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने छात्रावास एवं माध्यमिक शाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास की नवीन इमारत शुरू होने में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। निरीक्षण में नवीन छात्रावास भवन की निर्माण गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने छात्रावास अधीक्षक को हटाने तथा संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के लिए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावास तक पहुंच मार्ग को सीसी रोड से विकसित करने के भी निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने माध्यमिक शाला का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया। बच्चों की आधारभूत शिक्षा (फाउंडेशन लर्निंग) अपेक्षित स्तर से कमजोर पाए जाने पर उन्होंने शिक्षकों को नियमित अभ्यास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा मजबूत करने के निर्देश दिए।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी किया निरीक्षण

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने ग्राम के आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था शीघ्र पूर्ण कर केंद्र का संचालन जल्द प्रारंभ करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

 

Next Post

रगड़गांव स्कूल पहुंचे कलेक्टर; बच्चों से पूछे सवाल, लापरवाही पर शिक्षिका को बर्खास्त करने के आदेश

Thu Jul 23 , 2026
मुलताई। कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे ने बुधवार को प्रभातपट्टन ब्लॉकके विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम रगड़गांव स्थित प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला पहुंचकर शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता और स्कूल की आधारभूत सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। […]

You May Like