
उज्जैन। इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर मिलने आई युवती ने अपने गिरोह के साथ मिलकर युवक को हनी ट्रैप के जाल में फसाया और उसका अपहरण कर बंधक बनाने के बाद 10 लाख की फिरौती वसूल की। पुलिस ने मामला सामने आने के बाद 2 दिन में गिरोह के 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। युवती अपने एक साथी के साथ फरार है। जिसकी तलाश की जा रही है।
नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि 20 जुलाई को हैदर पिता कमाल पटेल 29 वर्ष, निवासी ग्राम नरवर ने रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि इंस्टाग्राम के माध्यम से अंजली नामक युवती ने नौकरी के बहाने उससे संपर्क किया। मिलने के दौरान योजनाबद्ध तरीके से लोकेश शर्मा और उसके साथियों ने अपहरण कर उसके साथ मारपीट की तथा आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे झूठे प्रकरण में फंसाने और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। 5 से 6 आरोपियों ने उसे बंधक बना लिया था और उसके ही मोबाइल से परिजनों को फोन लगाकर 50 लाख की फिरौती की मांग की गई, जो बाद में 26 लाख में तय हुई। आरोपियों ने उसके पिता से 10 लाख प्राप्त करने के बाद उसे फ्रीगंज में छोड़ दिया। शेष 16 लाख की मांग कर रहे हैं। थाना प्रभारी के अनुसार मामले में धारा 140(3), 308(6), 61(2), 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। मंगलवार रात मुख्य आरोपी लोकेश पिता राजेश शर्मा 30 वर्ष, निवासी मक्सी रोड, पंवासा, राजपाल सिंह पिता जालम सिंह राठौड़,22 वर्ष, निवासी ग्राम जहांगीरपुर, इंगौरिया, पंकज पिता गजानंद बमोरिया 35 वर्ष, निवासी अवंतीपुरा, यशवंत पिता जगदीश देवड़ा 23 वर्ष, निवासी तिरुपति धाम, आर्यन पिता मुकेश राठौर 20 वर्ष, निवासी तिरुपति धाम, लखन पिता नारायण सिंह पंवार 22 वर्ष, निवासी ग्राम पिपलिया डाबी, थाना उन्हेल, इदरीश पिता दिलीप पटेल, निवासी ग्राम नरवर, इमरान उर्फ राजा पिता खाजू पटेल, निवासी बदरखा, जयसिंह पिता अजबसिंह चौहान, निवासी बदरखा और आयुष जाटवा पिता दिनेश जाटवा, निवासी भैरूनाला को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में दीपक राजपूत निवासी पंवासा उज्जैन के साथ अंजली ठाकुर, निवासी भोपाल फरार है जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास से जारी है।
संगठित रूप से पैसे वालों की करते थे तलाश
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नियोजित षड्यंत्र के तहत ऐसे व्यक्तियों की जानकारी एकत्रित की जाती थी जिनके पास हाल ही में धनराशि प्राप्त हुई हो और आसानी से उसे हनीट्रैप में फंसाया जा सके। हैदर की जानकारी उनके गिरोह में शामिल इदरीश पटेल ने उपलब्ध कराई थी और इंस्टाग्राम एवं आर्थिक स्थिति संबंधी सूचना उपलब्ध कराई। इसके अंजली ठाकुर ने इंस्टाग्राम पर संपर्क स्थापित कर मिलने बुलाया गया। योजनाबद्ध तरीके से उसे हनीट्रैप में फंसाकर अपहरण कर फिरौती की राशि वसूली।
