ग्वालियर: ग्वालियर चंबल अंचल के व्यापारियों, उद्यमियों के सबसे बड़े संगठन मध्य प्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, ग्वालियर के त्रिवार्षिक चुनाव के नतीजे रात करीब ढाई बजे घोषित कर दिए गए। सर्वाधिक रोचक, रोमांचक एवं कड़ा मुकाबला अध्यक्ष पद पर हुआ। व्हाइट हाउस से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लडऩे वाले चेंबर के वर्तमान अध्यक्ष डॉ प्रवीण अग्रवाल ने व्हाइट हाउस के ही आधिकारिक उम्मीदवार पारस जैन को 617 वोट से शिकस्त देकर एक बार फिर से चेंबर अध्यक्ष के प्रतिष्ठित पद पर कब्जा जमा लिया।
व्हाइट हाउस ने क्रिएटिव हाउस को पीछे छोड़ते हुए तीन महत्वपूर्ण पदों मान. सचिव, संयुक्त सचिव एवं कोषाध्यक्ष पद पर विजय हासिल की जबकि क्रिएटिव हाउस पांच में से सिर्फ दो पदों संयुक्त अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर ही जीत दर्ज करा सका।संयुक्त अध्यक्ष पद पर क्रिएटिव हाउस के सुरेश बंसल विजयी रहे। उन्होंने व्हाइट हाउस के डॉ विनोद जैन को सर्वाधिक 1641वोट से पराजित किया। क्रिएटिव हाउस के ही संदीप नारायण अग्रवाल ने उपाध्यक्ष पद पर हुए मुकाबले में व्हाइट हाउस के सुनील अग्रवाल सनी को 1500 से अधिक वोट हासिल कर जीत दर्ज की। बाकी के तीन पद व्हाइट हाउस के खाते में गए हैं।
मानसेवी सचिव पद पर व्हाइट हाउस के दीपक अग्रवाल क्रिएटिव के राकेश अग्रवाल रोम को करीब 800 वोटों के बड़े अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की। इस तरह दीपक अग्रवाल लगातार दूसरी बार चेंबर के मानसेवी सचिव पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। मानसेवी संयुक्त सचिव पद पर व्हाइट हाउस के दीपक पमनानी ने क्रिएटिव हाउस के राकेश अग्रवाल रेडीमेड को 300 वोट से हराकर जीत दर्ज की।कोषाध्यक्ष पद पर व्हाइट हाउस के ही मनोज अग्रवाल बाबा क्रिएटिव हाउस के अजय गोयल को 220 वोट से चुनाव हराकर निर्वाचित घोषित किए गए।
इसके साथ ही चेंबर के विभिन्न व्यापारिक समूहों से आने वाले 150 कार्यकारिणी सदस्यों का भी चुनाव हुआ।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ दीपक अग्रवाल ने अपनी जीत की घोषणा के बाद सभी व्यापारी भाइयों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे व्यापारिक जगत की है। हमारा मुख्य उद्देश्य चेंबर में पारदर्शिता लाना, व्यापारियों की समस्याओं के लिए शासन-प्रशासन से संवाद करना और अंचल के उद्योगों को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।”
नतीजों की घोषणा होते ही विजेता खेमे में जश्न का माहौल देखा गया। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ विजयी प्रत्याशियों का स्वागत किया। दूसरी ओर, निर्वाचन अधिकारियों ने शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से मतदान संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस बल का धन्यवाद किया
भारी सुरक्षा व्यवस्था और व्यापारिक उत्साह के बीच संपन्न हुए इस मतदान में इस बार रिकॉर्ड तोड़ लगभग 93 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। संस्था के कुल 3,450 मतदाताओं में से अधिकांश ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर चेंबर की नई कमान तय की।
इस बार के चुनावी मुकाबले में क्रिएटिव हाउस और व्हाइट हाउस के बीच सीधा और कांटे का मुकाबला देखने को मिला। मतगणना पूरी होने के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक विजयवर्गीय ने आधिकारिक रूप से विजयी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। इसी के साथ चेंबर परिसर में बधाईयों और जयकारों के उद्घोष शुरू हो गए। तड़के तक जीत का जश्न चलता रहा।
चैम्बर चुनाव में अध्यक्ष पद पर प्रवीण अग्रवाल की शानदार जीत से व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों के साथ-साथ समर्थकों में उत्साह का माहौल है। विभिन्न व्यापारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की है। प्रवीण अग्रवाल की इस जीत को व्यापारिक वर्ग के विश्वास और समर्थन का प्रतीक माना जा रहा है।
यह है चेंबर का नया निजाम
अध्यक्ष: डॉ प्रवीण अग्रवाल
संयुक्त अध्यक्ष: सुरेश बंसल
उपाध्यक्ष: संदीप नारायण अग्रवाल
मान. सचिव : दीपक अग्रवाल
मान. संयुक्त सचिव: दीपक पमनानी
कोषाध्यक्ष: मनोज अग्रवाल बाबा
