मुंबई, 09 जुलाई (वार्ता) मुंबई अपराध शाखा ने दहिसर पूर्व में चल रहे कथित दूध मिलावट गिरोह का भंडाफोड़ कर इस मामले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह में अमूल और गोकुल जैसे ब्रांडेड दूध के पैकेटों में अशुद्ध पानी मिलाकर उन्हें दोबारा सील किया जाता था और फिर बाज़ार में बेचा जाता था। यह जानकारी स्थानीय पुलिस ने गुरुवार को दी।
एक गुप्त सूचना के आधार पर अपराध शाखा की खोजी इकाई-12 ने महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों के साथ मिलकर दहिसर पूर्व के राजेश कंपाउंड में दुबे चाल के एक कमरे में छापेमारी की। पुलिस ने बताया कि आरोपी अमूल और गोकुल दूध के सीलबंद पैकेट काटकर उनमें से कुछ दूध निकाल लेते थे और बचे हुए दूध में अशुद्ध पानी मिला देते थे और फिर हीट-सीलिंग मशीनों से पैकेट को दोबारा सील कर देते थे। इसके बाद मिलावट वाले इन पैकेटों की आपूर्ति बाज़ार में की जाती थी जिससे उपभोक्ताओं की सेहत को गंभीर खतरा था।
अभियान के दौरान, पुलिस ने अमूल और गोकुल ब्रांड के नाम से पैक किया गया 470 लीटर मिलावटी दूध, अमूल ताज़ा, अमूल गोल्ड और अमूल बफ़ेलो के 252 खाली पैकेट, मिलावट की प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाले हीट-सीलिंग उपकरण और एक मोबाइल फ़ोन ज़ब्त किया। ज़ब्त किए गए सामान की कुल कीमत 31,670 रुपये आंकी गई है। दहिसर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता, खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 और अन्य लागू नियमों के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने कहा कि आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने और उन इलाकों की पहचान करने के लिए जांच चल रही है जहां मिलावटी दूध बांटा गया था। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे दूध के पैकेट में किसी भी तरह की संदिग्ध छेड़छाड़ या गड़बड़ी की सूचना अधिकारियों को दें।
