बंगाल: जया बच्चन ने ममता बनर्जी से की मुलाकात

कोलकाता, 02 जुलाई (वार्ता) समाजवादी पार्टी की राज्यसभा सांसद एवं अभिनेत्री जया बच्चन ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी से उनके कालीघाट स्थित आवास पर मुलाकात की।

सुश्री जया बच्चन, सांसद डेरेक ओ ब्रायन के साथ सुश्री बनर्जी के आवास पर पहुंचीं, जहां तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने उनका स्वागत किया। इस मुलाकात के दौरान क्या बातचीत हुई, इसका खुलासा नहीं किया गया है और न ही दोनों पक्षों की ओर से बैठक के बाद कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया।

यह बैठक इस लिहाज से राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि बैठक यह समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता किरणमय नंदा के उस हालिया बयान की पृष्ठभूमि में हुई है, जिसमें उन्होंने हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस के प्रदर्शन के लिए सार्वजनिक रूप से सुश्री बनर्जी के नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराया था।

कुछ दिन पहले कोलकाता दौरे के दौरान श्री नंदा ने टिप्पणी की थी कि जनता बदलाव चाहती थी और उन्होंने संकेत दिया था कि नतीजों ने नेतृत्व के खिलाफ जनादेश को दर्शाया है। उनके इस बयान से विपक्षी गठबंधन के इन दो सहयोगियों के बीच बढ़ते मतभेदों के कयासों को हवा मिली थी और राजनीतिक विश्लेषक यह सवाल उठा रहे थे कि क्या पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की मजबूत स्थिति के बाद तृणमूल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के संबंध एक कठिन दौर में प्रवेश कर चुके हैं।

गुरुवार की इस बैठक ने एक अलग राजनीतिक संदेश देने का प्रयास किया है। चुनाव नतीजों की घोषणा के तुरंत बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी कोलकाता आकर कालीघाट स्थित आवास पर सुश्री बनर्जी से मुलाकात की थी। उनकी उस यात्रा को तृणमूल कांग्रेस प्रमुख के साथ एकजुटता दिखाने के प्रयास के रूप में देखा गया था, जिन्होंने चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगाये थे।

 

 

 

Next Post

हॉर्मुज से गुजरने वाले सभी जहाजों को ईरान से स्वीकृत रास्तों का ही इस्तेमाल करना होगाः ईरान

Thu Jul 2 , 2026
तेहरान, 02 जुलाई (वार्ता) ईरान ने चेतावनी दी है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले सभी तेल टैंकरों को ईरान से स्वीकृत रास्तों का ही इस्तेमाल करना होगा, अन्यथा उन्हें ‘तत्काल और जोरदार कार्रवाई’ का सामना करना पड़ेगा। यह चेतावनी ईरान के खातम अल-अंबिया केंद्रीय मुख्यालय की ओर से जारी […]

You May Like