यूक्रेन : कीव पर ‘अब तक के सबसे खतरनाक’ रूसी हमलों में 13 की मौत, 90 घायल

कीव, 02 जुलाई (वार्ता) यूक्रेन की राजधानी कीव पर गुरुवार तड़के हुए रूसी हमलों में कम से कम 13 लोगों की जान चली गयी, जबकि 90 से ज्यादा लोग घायल हो गये। स्थानीय गवर्नर मिकोला कलाशनिक ने टेलिग्राम पर साझा संदेश में कहा, “रात में दुश्मन ने एक बार फिर कीव क्षेत्र पर हमलावर ड्रोन, बैलिस्टिक मिसाइल और क्रूज मिसाइल के जरिए बड़ा हमला किया।”

रूस का यह हमला यूक्रेन के उस हालिया हमले के जवाब में आया है जिसमें उसने रूसी ऊर्जा अवसंरचना को निशाना बनाया था। यूरोन्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन की वायुसेना ने यह चेतावनी दी थी कि राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइल हमले होने वाले हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने भी बुधवार को अपनी आयरलैंड यात्रा यह कहते हुए स्थगित कर दी थी कि रूस उनके ऊपर हमला कर सकता है। रूस के इस हमले में कीव क्षेत्र के पांच जिले प्रभावित हुए। कीव के मेयर विटाली क्लिच्शको ने कहा कि यह कीव पर अब तक का सबसे बड़ा रूसी हमला था। उन्होंने कहा कि इस हमले को ध्यान में रखते हुए तीन जुलाई को कीव में शोक का दिन घोषित किया गया है।

दूसरी ओर, यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि रूस ने रातोंरात यूक्रेन पर 570 हवाई हमले किये। इसमें 496 ड्रोन, 24 इस्कंदर बैलिस्टिक मिसाइल और चार ज़िरकॉन मिसाइल शामिल हैं। इस हमले में 90 से ज्यादा लोग घायल हो गये और शहर में 20 से ज्यादा जगहों पर हानि दर्ज की गयी। इस बीच, यूरोपीय संघ (ईयू) की विदेश नीति प्रमुख कजा कलास ने कहा कि ईयू रूस के खिलाफ नये प्रतिबंध लगायेगा। इन प्रतिबंधों में रूस की ड्रोन बनाने वाली कंपनियां भी शामिल होंगी। उल्लेखनीय है कि यूक्रेन में रूस की सैन्य कार्रवाई में 20 लाख से ज्यादा सैनिक मारे जा चुके हैं। चार साल से चल रहा यह संघर्ष द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप का सबसे खतरनाक सैन्य संघर्ष साबित हो रहा है।

 

 

.....

Next Post

ईरान ने अमेरिका, इजरायल एवं उनके सहयोगियों को किसी भी तरह की गलतफहमी में नहीं रहने की चेतावनी दी

Thu Jul 2 , 2026
तेहरान, 02 जुलाई (वार्ता) ईरान के शीर्ष सैन्य कमांडर मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही ने अमेरिका, इजराइल और उनके सहयोगियों को किसी भी तरह की ‘गलतफहमी’ में नहीं रहने की चेतावनी देते हुए कहा है कि ईरान के सशस्त्र बल किसी भी हमले या खतरे का ‘कड़ा जवाब’ देने के लिए […]

You May Like