
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोमवार को पीथमपुर में स्थापित होने जा रही हेलियन ग्रुप की भारत की पहली मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का सांकेतिक भूमि-पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समारोह को भोपाल से संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश उद्योगों के लिए देश का सबसे अनुकूल और तेजी से विकसित होता केंद्र बन रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में हेलियन ग्रुप की पहली विनिर्माण इकाई की स्थापना से प्रदेश में निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह परियोजना स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं, निवेश-अनुकूल वातावरण और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में लगातार बढ़ रहे निवेश से मध्यप्रदेश देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।
समारोह में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी भाग लिया। हेलियन ग्रुप की इस नई इकाई को प्रदेश में औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
