लखनऊ, 5 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को 54 वर्ष के हो गये हैं। बहुजन समाज पार्टी ( बसपा ) प्रमुख मायावती ने मुख्यमंत्री योगी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी हैं।
सुश्री मायावती ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। उन्होंने मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखद जीवन की कामना भी की।
राजनीतिक रूप से अलग विचारधाराओं से जुड़े होने के बावजूद मायावती का यह संदेश राजनीतिक शिष्टाचार और सौहार्द का उदाहरण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन के अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और समर्थकों की ओर से भी उन्हें शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज (शुक्रवार 5 जून) 54वां जन्मदिन है। हिंदुत्व के पुरोधा कहे जाने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरक्षपीठ के महंत से लेकर कुशल राजनीतिज्ञ बनकर उभरे।
