न्यू जर्सी (अमेरिका), 16 अप्रैल (वार्ता) किराये में वृद्धि की आशंका के बीच न्यू जर्सी की गवर्नर मिकी शेरिल का कहना है कि इस गर्मी में होने वाले फुटबॉल विश्वकप के दौरान अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ (फीफा) को प्रशंसकों को परिवहन किराये में सब्सिडी देनी चाहिए। ‘द एथलेटिक’ ने इस हफ़्ते की शुरुआत में रिपोर्ट दी थी कि एनवाई ट्रांजिट, न्यूयॉर्क के पेन स्टेशन से न्यू जर्सी के मैट लाइफ स्टेडियम तक की 30 मिनट की यात्रा के लिए ‘स्पेशल इवेंट प्राइसिंग’ (विशेष कार्यक्रम किराया) लागू करने की योजना बना रहा है। स्टेडियम में होने वाले मैचों के लिए ट्रेन के एक टिकट की कीमत 100 डॉलर से भी अधिक हो सकती है – जो कि वापसी के सामान्य किराए 12.90 डॉलर से सात गुना अधिक है। किसी भी तरह की रियायती कीमतों की योजना नहीं है, इसलिए बच्चों और बुज़ुर्गों को भी पूरा किराया देना होगा।
मैट लाइफ स्टेडियम- जिसका नाम वर्ल्ड कप के दौरान फीफा की ‘कॉर्पोरेट प्रायोजित नामों’ की नीति के तहत ‘न्यूयॉर्क /न्यू जर्सी स्टेडियम’ रखा जाएगा – आठ मैचों की मेजबानी करेगा, जिसमें इंग्लैंड का एक ग्रुप मैच और 19 जुलाई को होने वाला फाइनल मैच भी शामिल है। यह अपील ऐसे समय की गई जब बॉस्टन के बाहर फॉक्सबोरो स्थित जिलेट स्टेडियम में होने वाले मैचों के लिए ट्रेन का किराया काफ़ी बढ़ाकर 80 डॉलर कर दिया गया था, और कोच टिकटों की कीमत 95 डॉलर रखी गई है।

