नयी दिल्ली, 17 मार्च (वार्ता) केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को यहां एक समारोह में डाक विभाग की तीन नई प्रीमियम एक्सप्रेस डिलीवरी सेवा यानि 24 स्पीड पोस्ट, 48 स्पीड पोस्ट और 24 स्पीड पोस्ट पार्सल का शुभारंभ किया।
श्री सिंधिया ने दावा किया कि 24 स्पीड पोस्ट और 24 स्पीड पोस्ट पार्सल सेवा के अंतर्गत डाक या पार्सल की डिलीवरी 24 घंटे में की जायेगी। इस अवसर पर संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री चंद्र शेखर पेम्मासानी और डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर श्री सिंधिया ने कहा कि यह दिन डाक विभाग के लिए एक बहुत ही यादगार और महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में इंडिया पोस्ट देश और दुनिया के लाखों ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने डाक कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले तीन महीनों में व्यापक परीक्षण और ट्रायल रन के बाद इन सेवाओं को शुरू किया गया है।
श्री सिंधिया ने कहा कि नई 24 स्पीड पोस्ट और 24 स्पीड पोस्ट पार्सल सेवा के तहत छह प्रमुख महानगरों नयी दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरू और हैदराबाद के बीच अगले दिन (यानि एक दिन) डिलीवरी की गारंटी दी जाएगी। इस सेवा में रीयल-टाइम ट्रैकिंग, ओटीपी आधारित डिलीवरी सुनिश्चित करने और देरी होने पर मुआवजे की सुविधा भी दी जाएगी। खास बात यह है कि डिलीवरी रविवार और छुट्टियों के दिन भी की जाएगी (राष्ट्रीय अवकाश को छोड़कर)।
श्री सिंधिया ने बताया कि 48 स्पीड पोस्ट सेवा के तहत इन महानगरों के बीच दो दिन में दस्तावेजों की सुनिश्चित डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध होगी। इसमें ट्रैकिंग, एसएमएस अलर्ट और सुरक्षित डिलीवरी सुनिश्चित करने जैसी सुविधाएं दी गई हैं।
डाक विभाग के अनुसार, इन सेवाओं से ई-कॉमर्स कंपनियों, एमएसएमई, स्टार्टअप और अन्य व्यावसायिक ग्राहकों को तेजी से पार्सल भेजने में मदद मिलेगी। फिलहाल यह सेवा छह महानगरों में शुरू की गई है और आगे इसे चरणबद्ध तरीके से अन्य टियर-1 और टियर-2 शहरों तक बढ़ाया जाएगा।
डाक विभाग के अनुसार इन नई सेवाओं से डाक विभाग की प्रीमियम एक्सप्रेस डिलीवरी सेगमेंट में स्थिति और मजबूत होगी और यह देश के नागरिकों तथा कारोबारियों के लिए भरोसेमंद राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स पार्टनर के रूप में अपनी भूमिका को और सुदृढ़ करेगा।
केंद्र सरकार की लॉजिस्टिक्स प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन सेवाओं के जरिए तेज, भरोसेमंद और समय-निर्धारित डिलीवरी नेटवर्क को और मजबूत किया जाएगा।
