
जबलपुर। रांझी थाना अंतर्गत पुरानी बस्ती कटनी दफाई में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए अलमारी के लॉकर में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया जब परिवार शादी समारोह में गया हुआ था। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कटनी दफाई निवासी श्रीमती माला बिहुनिया (40) की 14 मार्च को अपने पति और बच्चों के साथ ग्राम घाना खमरिया में अपनी ननद के घर आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। घर पर कोई नहीं था। हालांकि पीड़िता का देवर सुधीर बिहुनिया अगले दिन सुबह करीब 6 बजे घर लौट आया था। घटना का खुलासा तब हुआ जब 15 मार्च की शाम करीब 5:30 बजे माला बिहुनिया वापस अपने घर पहुंचीं। उन्होंने देखा कि कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। जब वह घबराकर अंदर गईं, तो देखा कि अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था और लॉकर का ताला टूटा हुआ था।
चोरों ने अलमारी के लॉकर में रखे सोने के दो मंगलसूत्र एक बड़ा और एक छोटा, सोने की एक अंगूठी और चांदी का खुसना चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदेहियों से पूछताछ की जा रही है।
