मौसम के दिखे अनेक रंग, गर्मी से राहत
मानसूनी प्रणालियां हो रही सक्रिय, 12.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड
जबलपुर: मानसूनी मौसम प्रणालियां सक्रिय हो रही है जिसके असर से मौसम का मिजाज बदल गया है। जिसके असर से गुरूवार को मौसम के अनेक रंग देखने को मिले। सुबह से सूर्यदेव तमतमाये रहे। दिन चढ़ते ही बादल और सूरज के बीच आंख मिचौली का खेल चलता रहा। शाम ढलते ही मौसम ने करवट ली और काले बादलों ने डेरा डाल लिया जिसके बाद रिमझिम बारिश शुरू हो गई और दिनभर तपी धरती ठंडी हो गई। साथ ही लोगों को गर्मी से राहत मिली। वर्षा के साथ ही नम हवा से वातावरण में भी हल्की ठंडक घुली रही। लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली। 12.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग की माने तो वर्तमान में कई वर्षा प्रणालियां सक्रिय हैं। दक्षिण पश्चिम मानसून महाराष्ट्र के अमरावती तक पहुंच गया है। वे आफ बंगाल से सक्रिय मानसून ओडिशा होते हुए छत्तीसगढ़ के बीजापुर और सुकमा तक पहुंच गया है। वर्तमान में हवा दिशा सकारात्मक है। प्री मानसूनी गतिविधियां आरंभ होने के साथ ही मौसम में परिवर्तन भी आ सकता है। दो से तीन दिन बारिश के आसार भी बन रहे है।
ऐसा रहा तापमान
गुरूवार को अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के वक्त आद्रता 67 और शाम को 89 प्रतिशत दर्ज की गई। दक्षिण-पश्चिमी हवाएं 8 किमी की रफ्तार से चली।
पहली बारिश में ही नाले आए उफान पर
सीजन की पहली रिमझिम बारिश में ही नाले-नालियां उफान पर आ गए। जिसके कारण कई क्षेत्रों में जल प्लावन की स्थिति देखने को मिली। गौरतलब है कि मानसून के साथ अब बारिश की शुरुआत हो चुकी है जिसके चलते शहर में बने नाले- नालियों की सफाई ठीक तरीके से न होने के कारण पहले ही बारिश में कई जगहों पर नाले नाली में पानी भरने का नजारा देखने को मिला। अभी पूरी बारिश का सीजन बाकी है,जिसके चलते कई बार सडक़ों पर पानी भरने और जल प्लावन की स्थिति देखने को मिलेगी।