घुसपैठियों का साथ देने वाली कांग्रेस को सबक सिखाएगी असम की जनता : मोदी

गुवाहाटी, 13 मार्च (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस को झूठे वायदों की दुकान बताते हुए आरोप लगाया है कि उसका इरादा वायदों को पूरा करने का नहीं होता और यही वजह है कि असम में उसने जो भी समझौते किए आज संकट बन गये हैं।

श्री मोदी को यहां से कोकराझार जाकर जनसभा को संबोधित करना था लेकिन खराब मौसम के कारण नहीं पहुंच सके इसलिए यहीं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ‘झूठे वादों की दुकान’ है और वह सिर्फ ‘विश्वासघात’ करती है। कांग्रेस जो वायदे करती है उनको पूरा करना उसका इरादा नहीं होता है।

असम में हुए समझौते को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस पर हमला किया और कहा कि दिल्ली में बैठी कांग्रेस की पिछली सरकारों ने केवल दिखावे के लिए कागजी समझौते किये और समुदायों के बीच फूट डाली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का किया पाप देश और असम की सुरक्षा के लिए बहुत बड़ा खतरा बन गया है। इससे रोटी, बेटी और माटी, तीनों की सुरक्षा खतरे में आ गई है।

श्री मोदी ने आरोप लगाते हुए कहा “कांग्रेस का हाथ हमेशा से घुसपैठियों के साथ रहा है और आज भी है। उसने दशकों तक यहां के मूल-निवासियों को, जमीन के कानूनी दस्तावेज तक नहीं दिए। आदिवासियों की बहुत सारी ज़मीनों को घुसपैठियों के हवाले कर दिया। धुबरी और गोलपाड़ा जैसे जिलों में तो स्थिति बहुत भयानक थी। इससे बोडोलैंड में आबादी का संतुलन बिगड़ रहा था, समाज में संकट आने लगा था।”

प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के कार्यों की प्रशंसा की और कहा “मुझे संतोष है कि हिमंता जी के नेतृत्व में घुसपैठियों के कब्जे से जमीन को छुड़ाने का एक बहुत बड़ा अभियान असम में चल रहा है। यहां भाजपा-एनडीए सरकार ने असम के मूल निवासियों को जमीन के कानूनी दस्तावेज भी दिए हैं। मैं आदिवासी समुदाय का भी इस मुहिम में बढ़-चढ़ करके साथ देने के लिए ह्दय से आभार व्यक्त करना चाहता हूं। आज मैं आपसे आग्रह करने आया हूं कि आने वाले चुनाव में कांग्रेस को कड़ी से कड़ी सजा दीजिए, एक स्पष्ट संदेश दीजिए कि अब घुसपैठियों के लिए देश में कोई जगह नहीं है। असम से निकला संदेश, पूरे देश की आवाज बन जाएगा।”

कोकराझार में विकास की नयी शृंखला का आगाज करते हुए 4500 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करते हुए श्री मोदी ने कहा कि कभी इन पहाड़ियों में बम और बंदूकों की गूंज सुनाई देती थी, लेकिन आज यहां की तस्वीर बदल चुकी है। अब ‘खाम’ (पारंपरिक ढोल) की थाप और ‘सिफुंग’ (बांसुरी) की मधुर धुनें गूंज रही हैं। इसे बोडोलैंड में शांति और विकास के नये अध्याय की शुरुआत बताते हुए उन्होंने घोषणा की है कि यहां बनने वाली रेलवे वर्कशॉप इस क्षेत्र को लॉजिस्टिक्स का बड़ा केंद्र बनायेगी

बोडो संस्कृति और पहचान के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार ने न केवल बोडो भाषा को ‘सहयोगी आधिकारिक भाषा’ का दर्जा दिया, बल्कि पारंपरिक आस्था ‘बाथोऊ’ को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाया है। उन्होंने बताया कि हथियार छोड़ने वाले करीब 10 हजार नौजवान अब मुख्यधारा का हिस्सा हैं। कोकराझार में संचालित मेडिकल कॉलेज और तमुलपुर में बन रहे नये अस्पताल को उन्होंने क्षेत्र की बदलती स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमाण बताया।

श्री मोदी ने कहा कि बीटीआर क्षेत्र की छह महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का आज शिलान्यास हुआ है, साथ ही क्षेत्र की रेल यातायात को मजबूत करने के लिए बडे कदम उठाये गये हैं। यहां भूटान को जोड़ने वाली रेल लाइन पर भी काम चल रहा है। अनेक स्टेशनों को भी आधुनिक बनाया जा रहा है। अब वंदे भारत और राजधानी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें कोकराझार में रुकती हैं। यह बोडोलैंड की बेहतर संपर्क का प्रमाण है। ऐसी परियोजनओं से कोकराझार व्यापार का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है।

कार्यक्रम में असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) के मुख्य कार्यकारी सदस्य हाग्रामा मोहिलारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान असम सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक, बीटीसी प्रतिनिधि और भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।

 

 

 

Next Post

पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ, जनता और सरकार के बीच संवाद का मजबूत सेतु : भजनलाल

Fri Mar 13 , 2026
जयपुर, 13 मार्च (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा है कि वे जनता एवं सरकार के बीच संवाद का एक मजबूत सेतु है तथा जब मीडिया निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ काम करता है तो लोकतंत्र और मजबूत होता है। […]

You May Like