आप ने भ्रष्टाचार के नाम पर सिर्फ राजनीति की: सूद

नयी दिल्ली 09 मार्च (वार्ता) दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने सोमवार को कहा कि आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई के नाम पर राजनीति शुरू की थी लेकिन न तो 49 दिन की सरकार के दौरान और न ही उसके बाद भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई गंभीर प्रयास दिखाई दिया। श्री सूद ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में दिल्ली की कथित शराब नीति घोटाले और उससे जुड़े हालिया न्यायिक घटनाक्रम पर आम आदमी पार्टी और उसके नेताओं पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई के नाम पर राजनीति शुरू की थी, लेकिन न तो 49 दिन की सरकार के दौरान और न ही उसके बाद भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई गंभीर प्रयास दिखाई दिया। उन्होंने कहा , “अब दिल्ली की जनता के पैसे से जुड़े बड़े भ्रष्टाचार की जांच का रास्ता खुल गया है और जल्द ही जांच एजेंसियां एवं अदालत इस पर फैसला देंगी। आम आदमी पार्टी और उसके नेताओं को दिल्ली की जनता से माफी मांगनी चाहिए।”

श्री सूद ने यह भी कहा कि हाल ही में दिल्ली उच्च न्यायालय ने निचली अदालत की कुछ टिप्पणियों पर रोक लगा दी है। उन्होंने क्रिकेट के उदाहरण का जिक्र करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने भी खुद को जल्दबाजी में “कट्टर ईमानदार” घोषित कर दिया था। उन्होंने कहा कि सीबीआई की ओर से उच्च न्यायालय में दायर अपील के बाद अदालत ने जांच एजेंसी के कर्मचारियों के खिलाफ की गई टिप्पणियों पर रोक लगा दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के नेताओं ने इस पूरे मामले में अपने भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए कई महत्वपूर्ण साक्ष्यों को नष्ट करने की कोशिश की । यह बात सामने आई है कि शराब घोटले के साक्ष्य मिटाने के लिए आप के नेताओं ने 170 मोबाइल फोन और 43 सिम कार्ड नष्ट किए ।

उन्होंने कहा कि पुरानी शराब नीति में एक बोतल पर सरकार को लगभग 329.90 का राजस्व प्राप्त होता था, जबकि नयी नीति में यह घटकर लगभग 8.32 रह गया। इसके साथ ही खुदरा विक्रेताओं का मार्जिन ₹33.35 से बढ़कर 363.27 कर दिया गया, जिससे सरकार के राजस्व पर बड़ा प्रभाव पड़ा। श्री सूद ने कहा कि इसी कारण सरकार को यह नीति वापस लेनी पड़ी, लेकिन इसके बावजूद आम आदमी पार्टी यह दावा करती रही कि उनकी बनाई शराब नीति में कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि आज उच्च न्यायालय की टिप्पणी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि कानून अपना काम करेगा और इस मामले की जांच आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी लगातार खुद को “कट्टर ईमानदार” बताती रही, लेकिन अब सच्चाई धीरे-धीरे सामने आ रही है।

Next Post

लोगों के जीवन में वास्तविक सुधार लाना शासन की असली परीक्षा हे: विजेन्द्र

Mon Mar 9 , 2026
नयी दिल्ली, 09 मार्च (वार्ता) दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने सोमवार को कहा कि एक सशक्त लोकतंत्र का सार केवल राजनीतिक बहस तक सीमित नहीं है, बल्कि उसे सार्थक और प्रभावी नीति-क्रियान्वयन तक पहुँचाना आवश्यक है। श्री गुप्ता ने आज श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) के मानव संसाधन […]

You May Like