
जबलपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हो रही दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं शुक्रवार को हिंदी के पेपर के साथ समाप्त हो गई हैं। दसवीं कक्षा का आखिरी पेपर हिंदी विषय का था। सहायक संचालक आर के बधान से मिली जानकारी के अनुसार यह परीक्षा भी जिले में शहर के 47 और ग्रामीण क्षेत्र के 53 केंद्रों में मिलाकर कुल 100 केंद्रों में आयोजित हुई, जिसमें कुल 23560 परीक्षार्थी शामिल होने वाले थे। लेकिन 23101 विद्यार्थियों ने ही यह परीक्षा दी है,जबकि 459 विद्यार्थी इस परीक्षा में अनुपस्थित थे। आखिरी पेपर में भी कोई नकल पड़ा सामने नहीं आया है।
उड़न दस्ता की टीम ने किया निरीक्षण
बोर्ड परीक्षा में नकल पकड़ने के लिए जिला प्रशासन एवं जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा एक टीम का गठन किया गया था। जो सभी परीक्षा केंद्र में पहुंचकर आकस्मिक रूप से निरीक्षण कर रहे हैं और नियमित तौर से चल रहीं परीक्षाओं पर भी नजर रख रहे हैं। इसके अलावा नकल करने वालों के ऊपर भी इनकी पैनी नजर रहती है। शुक्रवार को भी हिंदी के पेपर में उड़न दस्ता की टीम ने विभिन्न केंद्र में जाकर निरीक्षण किया।
271 विद्यार्थियों ने दी उर्दू- मराठी का पेपर
शुक्रवार को बारहवीं कक्षा में 271 विद्यार्थियों ने उर्दू- मराठी विषय का पेपर दिया। सहायक संचालक आर के बधान ने बताया कि बारहवीं कक्षा में उर्दू- मराठी विषय लेने वाले विद्यार्थियों का पेपर था, जिसमें 273 विद्यार्थी शामिल होने वाले थे, लेकिन 271 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी जबकि 2 विद्यार्थी परीक्षा से अनुपस्थित थे। यह पेपर कुल 8 केंद्रों पर आयोजित हुआ। जिसमें कोई भी नकल प्रकरण नहीं बना। आज बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में भी अंतिम पेपर हिंदी विषय का है।
