नयी दिल्ली, 19 जून (वार्ता) भारत ने समुद्री खाद्य उत्पादों के निर्यात में वर्ष 2023-24 में मात्रा के हिसाब से 17.82 लाख टन झींगा आदि समुद्री खाद्य उत्पादों का निर्यात किया, जो एक नया रिकार्ड है।
निर्यात में मात्रा के हिसाब से सालाना आधार पर 2.67 प्रतिशत का सुधार दर्ज किया गया।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी है। विज्ञप्ति के अनुसार देश से निर्यात किये जाने वाले प्रमुख समुद्री खाद्य उत्पादों में फ्रोजन झींगा और फ्रोजन मछली शामिल हैं। मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका और चीन भारत से समुद्री खाद्य आयात करने वाले प्रमुख बाजार हैं।
बयान में कहा गया है कि महत्वपूर्ण निर्यात बाजारों में विभिन्न चुनौतियों के बावजूद भारत का सी-फूड निर्यात वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान परिमाण के आधार पर अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। भारत ने पिछले वित्त वर्ष में 60,523.89 करोड़ रुपये (7.38 अरब डॉलर) मूल्य के 17,81,602 टन सी-फूड (समुद्री खाद्य) का निर्यात किया था।
वर्ष 2022-23 में भारत ने 63,969.14 करोड़ रुपये (8.0 अरब डॉलर) मूल्य के 17,35,286 टन सी-फूड निर्यात
किये थे। समुद्री उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एमपीईडीए) के अध्यक्ष डी वी स्वामी आईएएस ने कहा, “ भारत ने अमेरिका, यूरोपीय संघ और ब्रिटेन जैसे अपने प्रमुख निर्यात बाजारों में कई चुनौतियों के बावजूद 7.38 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य के 17,81,602 टन सी-फूड का निर्यात करके मात्रा के मामले में अब तक का सबसे उच्च निर्यात दर्ज किया है। ”
इस दौरान फ्रोजन झींगा का निर्यात 40,013.54 करोड़ रुपये (4.88 अरब डॉलर) के बराबर रहा। देश के कुल समुद्रीय खाद्य निर्यात में फ्रोजन झींगे का हिस्सा मात्रा के हिसाब से 40.19 प्रतिशत और डॉलर मूल्य के हिसाब से 66.12 प्रतिशत है।
पिछले वर्ष मात्रा के हिसाब से झींगा निर्यात में 0.69 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
वर्ष 2023-24 के दौरान फ्रोजन झींगे का निर्यात 7,16,004 टन आंका गया है। इस दौरान अमेरिका ने 2,97,571 टन फ्रोजन झींगे का आयात किया, इसके बाद चीन (1,48,483 टन), यूरोपीय संघ (89,697 टन), दक्षिण पूर्व एशिया (52,254 टन), जापान (35,906 टन) और मध्य पूर्व (28,571 टन) का स्थान रहा।