
भोपाल। अशोका गार्डन स्थित पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर में आज सोमवार 23 फरवरी को भगवान चंद्र प्रभु का मोक्ष कल्याण महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। प्रातःकाल भगवान को सिंहासन से विराजमान कर पांडुकशिला पर स्थापित किया गया, जहां महामस्तकाभिषेक और शांतिधारा संपन्न हुई। इसके पश्चात निर्वाण लाडू अर्पित कर अष्टद्रव्य से विधिपूर्वक पूजन किया गया।
समाज के मीडिया प्रभारी अशोक जैन सारनी ने बताया कि 24 फरवरी से 3 मार्च 2026 तक अष्टानिका पर्व के अवसर पर सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन होगा। यह आयोजन विधानाचार्य पंडित प्रकाश जैन छोटू भैया के निर्देशन में संपन्न होगा, जिसमें सिद्धों की आराधना और विश्व शांति हेतु विशेष पूजन किया जाएगा। कार्यक्रम में समाज अध्यक्ष सच्चेन्द्र जैन गुड्डू भैया, अमिता जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
