सीधी:किसानों के हक़ और अधिकारों की आवाज़ बुलंद करने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी सीधी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह के नेतृत्व में हजारों कांग्रेसजनों का जत्था भोपाल के लिए रवाना हुआ। जिला कांग्रेस कार्यालय जवाहर भवन, सीधी से वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, प्रकोष्ठ पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक प्रस्थान किया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 फरवरी को भोपाल में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा किसान महाचौपाल का आयोजन किया जा रहा है।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मल्लिकार्जुन खड़गे एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में प्रदेशभर से किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी अपेक्षित है।जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने रवाना होने से पूर्व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। कृषि लागत में वृद्धि, फसलों के उचित मूल्य का अभाव, रोजगार एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर किसान चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि किसान महाचौपाल के माध्यम से किसानों की आवाज़ को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
सीधी जिले से ट्रेन, बस एवं निजी वाहनों के माध्यम से हजारों की संख्या में कांग्रेसजन भोपाल पहुंचकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। कार्यकर्ताओं में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। जिला कांग्रेस कमेटी ने दावा किया है कि जिले से रिकॉर्ड संख्या में कार्यकर्ता इस महाचौपाल में शामिल होंगे।कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पिछले कई दिनों से ब्लॉक स्तर पर बैठकों एवं जनसंपर्क अभियान चलाए जा रहे थे। जिला नेतृत्व ने सभी कार्यकर्ताओं से अनुशासन एवं संगठनात्मक एकता बनाए रखते हुए कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।
