कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, एक गंभीर

सतना। कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहन्ना मोड़ के निकट तेज रफ्तार कार की टक्कर लगने के कारण जहां बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई वहीं दूसरे युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है. इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मार्ग बाधित करते हुए कार चालक की गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग रखी. काफी देर तक चली समझाइस और आश्वासन के बाद किसी तरह लोग वहां से हटने को राजी हो सके.

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहन्ना गांव के निवासी 30 वर्षीय सुनील पाल पिता रामविश्वास अपने मित्र जितेंद्र पाल पिता रामजन उम्र 22 वर्ष के साथ माधवगढ़ की ओर जाने के लिए निकले. बताया गया कि बाइक सवार सवार होकर दोनों युवक जैसे ही मोहन्ना मोड़ के निकट पहुंचे वैसे ही अचानक सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार क्र. एमपी 19 जेड पी 5490 ने के चालक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक उछलकर नीचे गिर गए. इसके साथ ही जहां बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई वहीं कार का टक्कर लगने वाला हिस्सा उखड़ गया. घटना होती देख आस पास मौजूद लोग भागते हुए वहां पहुंचे. जिन्हें देखते हुए कार चालक ने वहां से भागने का प्रयास किया. लेकिन लोगों को पीछा करता देख थोड़ा आगे जाने के बाद कार को छोडक़र चालक वहां से भाग निकला. यह देख आक्रोशित लोगों ने कार में तोडफ़ोड़ शुरु कर दी. वहीं दूसरी ओर घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस द्वारा दोनों युवकों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. जहां पर जांच करने पर सुनील को ब्रॉट डेड घोषित कर दिया गया. जबकि जितेंद्र को भर्ती कर उपचार शुरु किया गया. जहां पर उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना सामने आने पर मृत सुनील की पत्नी सुनीता सहित तीन छोटे बच्चों रिया 5, रिशांत 4 और रीवांशु 2 वर्ष का रो-रो कर बुरा हाल हुए जा रहा था.

घंटों रही जाम की स्थिति

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मार्ग बाधित करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया. ग्रामीणों का कहना था कि आरोपी कार चालक को गिरफ्तार किया जाए और पीडि़त परिवार को मुआवजा दिलाया जाए. इसी कड़ी में परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कार चालक अवैध कारोबार से जुड़ा है और उसके द्वारा जान-बूझकर घटना को अंजाम दिया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह, कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी और सिविल लाइन थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह समेत खासी संख्या में पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास जारी रखा. काफी देर तक चली समझाइस और आश्वासन के बाद लोगोंं के आक्रोश को कम किया जा सका.

Next Post

वृद्धा के कान के टप्स छीन ले गया बदमाश

Fri Feb 6 , 2026
सतना। जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र में दिन दहाड़े एक वृद्धा के कान के झुमके छीन लिए जाने की घटना सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है. प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र अंतर्गत लोधन टिकुरा […]

You May Like