
ग्वालियर। ग्वालियर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्ष अशरफ़ खान ने मांग की है कि प्रदेश कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ एवं मुस्लिम दिग्गज नेता एडवोकेट सैय्यद साजिद अली को राज्यसभा में भेजा जाए। ज्ञातव्य है कि दिग्विजय सिंह ने राज्यसभा के अगले कार्यकाल को स्वीकार न करने की घोषणा की है। उनकी रिक्त होने वाली सीट पर कांग्रेस में दावेदारियां उभर रही हैं।
ग्वालियर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्ष अशरफ़ खान ने कहा कि साजिद अली स्व. राजीव गांधी के दौर से ही सक्रिय रूप से पार्टी में दायित्वों का निर्वाहन कर रहे हैं। साजिद अली ने समूचे प्रदेश में मुस्लिम समाज को एकजुट कर कांग्रेस पार्टी को मजबूती देने का काम किया है लेकिन जब भी कांग्रेस पार्टी को सत्ता में सहभागिता देने का समय आया तो साजिद अली को आया गया कर संगठन में उच्च स्तर पर जोड़ कर उन्हें दरकिनार कर दिया गया। साजिद अली ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण 50 वर्ष कांग्रेस पार्टी को समर्पित किए हैं और उनका कद हमेशा अब्बल दर्जे पर रहा है। साजिद अली ने अपनी जिम्मेदारी चाहे अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष हो, लोकसभा चुनाव हो या पर्यटन निगम के चेयरमैन, पूरी ईमानदारी से जिम्मेदारी का निर्वहन किया है। अगर साजिद अली को कांग्रेस राज्यसभा में भेजती है तो प्रदेश में शानदार संदेश जायेगा।
