
भोपाल। मानस भवन में रजत जयंती वर्ष के अवसर पर लोधी-लोधा समाज द्वारा भव्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के युवक-युवतियों को एक-दूसरे से परिचित कराना तथा सामाजिक समरसता और पारिवारिक संवाद को मजबूत करना रहा।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने मंच से अपना परिचय देते हुए शिक्षा, कार्यक्षेत्र और पारिवारिक पृष्ठभूमि की जानकारी साझा की। कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठजनों और पदाधिकारियों ने रजत जयंती वर्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज की एकता, संस्कार और भावी पीढ़ी की भूमिका पर विचार व्यक्त किए।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह के परिचय सम्मेलनों से समाज में आपसी सहयोग बढ़ता है और योग्य संबंधों के लिए सकारात्मक मंच मिलता है। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई तथा रजत जयंती वर्ष के अंतर्गत आगे भी सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के आयोजन की घोषणा की गई।
