तेजाजी नगर में टायर ब्लास्ट से घायल युवक की मौत, कनाड़िया में गिरने से ड्राइवर ने तोड़ा दम

इंदौर. शहर में अलग अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में दो लोगों की जान चली गई. एक युवक की टायर फटने से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे मामले में दो मंजिला मकान से गिरने से एक ड्राइवर की जान चली गई. पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.

तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में छह दिन पहले हुए हादसे में घायल युवक की बुधवार रात उपचार के दौरान मौत हो गई. विजय पैलेस कॉलोनी माणिकबाग निवासी मोहम्मद नाहिद पिता कलीमुद्दीन, उम्र 21 वर्ष, नायता मुंडला इलाके में आरटीओ ऑफिस के पास एक टायर की दुकान पर काम करता था. 19 दिसंबर को नाहिद एक ट्रक का पंचर सुधारने के बाद उसके टायर में हवा भर रहा था. इसी दौरान अचानक तेज धमाके के साथ टायर फट गया, जिससे नाहिद गंभीर रूप से घायल हो गया. धमाके की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ नाहिद को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. उसकी हालत गंभीर होने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान बुधवार रात उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है. नाहिद के परिवार में पिता और भाई हैं, पिता मिस्त्री का काम करते हैं. इधर, कनाड़िया थाना क्षेत्र में भी बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया. झलारिया ग्राम निवासी संतोष सोनी पिता उम्र 38 वर्ष, जो पेशे से ड्राइवर था, अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित एक निर्माणाधीन दो मंजिला मकान में अपने चौकीदार दोस्त से मिलने गया था. रात करीब 10 बजे संतोष दूसरी मंजिल के डक से नीचे गिर गया. घटना की जानकारी मिलते ही चौकीदार ने उसके परिजनों को सूचना दी. बेटा समीर और अन्य परिजन उसे इलाज के लिए एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां देर रात उसकी मौत हो गई. कनाड़िया पुलिस ने भी मामले में मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

Next Post

नववर्ष आयोजन को लेकर होटल-बार संचालकों को चेतावनी ड्रोन, कैमरे और पुलिस बल से रहेगी नजर

Thu Dec 25 , 2025
इंदौर. नववर्ष की रात शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने साफ कर दिया है कि नियमों से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी. होटल, रेस्टोरेंट, बार और फार्म हाउस संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आयोजन पूरी तरह कानून के दायरे में ही […]

You May Like