यूनिटी मार्च में सीएम मोहन यादव भी चले पैदल 

इंदौर. लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जयंती पर बुधवार को इंदौर पूरी तरह एकता के रंग में रंगा दिखाई दिया. नागपुर से निकली नर्मदा प्रवाह यूनिटी मार्च जैसे ही शहर में पहुंची, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुद सड़क पर उतरकर युवाओं के साथ कदमताल करते नजर आए. इस दौरान जहां हर मोड़ पर नागरिकों ने फूल बरसाकर मार्च का स्वागत किया, वहीं एक भारत श्रेष्ठ भारत की गूंज से शहर सराबोर हो गया.

बुधवार को सुबह से ही सरदार पटेल चौराहा लोगों की भीड़ से गुलजार था. हाथों में तिरंगा लिए युवा, सामाजिक संगठन और स्कूली बच्चे एक भारत श्रेष्ठ भारत के नारों के साथ यूनिटी मार्च के स्वागत को जुटे थे. ठीक दोपहर होते-होते मार्च शहर की सीमा में दाखिल हुआ और कुछ ही देर बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वहां पहुंचे. उनके साथ कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, सांसद शंकर लालवानी, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया और मधु वर्मा मंच पर मौजूद थे. भीड़ ने जैसे ही मुख्यमंत्री को मार्च के बीच उतरते देखा, माहौल में उत्साह और बढ़ गया. सीएम मोहन यादव ने युवाओं का सम्मान करते हुए माल्यार्पण किया और उनके जज्बे को सलाम किया. उसके बाद वे स्वयं पैदल मार्च के साथ छावनी चौराहे तक चले. रास्तेभर नागरिकों ने छतों और दुकानों से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया, कई स्थानों पर स्थानीय संगठनों ने ढोल ताशे और बैंड के साथ उनकी अगवानी भी की.

 

देश को एक सूत्र में पिरोने का कार्य सदैव स्मरणीयः मुख्यमंत्री

मार्च के दौरान अपने संबोधन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बोले देश की एकता और अखंडता का जो महान कार्य सरदार पटेल ने किया, वह इतिहास की सबसे बड़ी राष्ट्रसेवा है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बनवाया गया स्टैच्यू ऑफ यूनिटी देश को पटेल के योगदान की याद दिलाता रहेगा. नागपुर से इंदौर आई इस यूनिटी मार्च को उन्होंने अखंड भारत के संकल्प को मजबूत करने वाली यात्रा बताया.

पटेल ने यह संभव कर दिखाया : विजयवर्गीय

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी पटेल के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि 1947 में देश को एकजुट रखना बेहद कठिन था, पर सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से यह असंभव कार्य कर दिखाया.

 

पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि : सारंग

 

इस दौरान मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए कार्य करते रहना ही पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि है.

 

चार मार्गों से निकली राष्ट्रीय यात्रा का इंदौर हुआ साक्षी…

 

देशभर से कुल चार यूनिटी मार्च यात्राएं निकली हैं. इनमें से नागपुर से प्रारंभ हुई नर्मदा प्रवाह यूनिटी मार्च इंदौर पहुंची. यहां से यह यात्रा धार, झाबुआ होते हुए गुजरात के गोधरा में प्रवेश करेगी. इंदौर आगमन से पहले मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों को नमन किया. इस दौरान शहर में मार्च की भव्यता देखने लायक थी, चौराहों पर मंच सजे थे, स्कूली बच्चे देशभक्ति गीतों की धुन पर ताल मिलाते दिखे, और राहगीर बार-बार रुककर इस ऐतिहासिक यात्रा को कैमरों में कैद करते रहे. पूरे मार्ग में यूनिटी मार्च ही माहौल का केंद्र बिंदु रही.

 

 

 

 

 

सीएम का कांग्रेस पर सीधा हमला…

 

 

यूनिटी मार्च के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जिस पार्टी ने आज़ादी के बाद देश को जोड़ने वाले सरदार पटेल को दशकों तक हाशिये पर रखा, वह आज एकता की बात कर रही है. उन्होंने कहा कि पटेल के योगदान को राष्ट्र से छिपाने की कोशिश वही लोग करते रहे, जिन्होंने देश की एकता को कमजोर करने का काम किया. इस दौरान सीएम ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी बनाकर उस ऐतिहासिक भूल को सुधारा, जिसे कांग्रेस ने लंबे समय तक कायम रखा था.

Next Post

लोकायुक्त का छापा: आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था के प्रबंधक गोवर्धनलाल मारु के घर, फॉर्म हाउस व कार्यालय पर कार्यवाही 

Wed Nov 26 , 2025
धार। लाबरिया में आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था के प्रबंधक गोवर्धनलाल मारु (पटेल) के यहां लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई शुरू की हैं। प्रबंधक के घर, फार्म हाउस तथा लाबरिया में स्थित संस्था कार्यालय पर लोकायुक्त के विभिन्न टीमों की कार्यवाही की है। जानकारी के मुताबिक करीब 18 चार पहिया वाहनो […]

You May Like